24 News Update उदयपुर। महाराणा प्रताप कृषि एवं अभियांत्रिकी विश्वविद्यालय, उदयपुर की पेंशनर्स वेलफेयर सोसायटी के पदाधिकारियों ने आज नवनियुक्त कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह धाकड़ का भावभीना स्वागत किया।
जानकारी देते हुए सोसायटी के प्रवक्ता वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने बताया कि सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र कुमार भटनागर के नेतृत्व में पदाधिकारियों ने कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह धाकड़ को उपरणा पहनाकर, माल्यार्पण कर, श्रीनाथजी का प्रसाद एवं श्रीफल भेंटकर स्वागत किया। इस अवसर पर कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह धाकड़ ने सोसायटी पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय के 1443 पेंशनर्स, जिनमें लगभग 400 चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी एवं विधवाएं शामिल हैं, की पेंशन संबंधी समस्याओं के स्थायी समाधान हेतु वे हरसंभव प्रयास करेंगे। उन्होंने बताया कि इसके लिए एक स्थायी कोष (कार्पस फंड) के निर्माण तथा राज्य के अन्य कृषि विश्वविद्यालयों के सहयोग से राज्य सरकार के समक्ष ठोस प्रस्ताव रखने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. सुरेन्द्र कुमार भटनागर एवं प्रवक्ता वीरेन्द्र सिंह सोलंकी ने आगामी नवंबर माह में पेंशनर्स की जनरल बॉडी मीटिंग में कुलगुरु से संबोधन का निवेदन किया, जिस पर डॉ. धाकड़ ने सहर्ष स्वीकृति प्रदान की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय की सेवा एवं उत्थान में अपना जीवन समर्पित करने वाले वरिष्ठ गुरूजनों एवं कर्मचारियों से संवाद के इस कार्यक्रम में वे अवश्य शामिल होंगे।
कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह धाकड़ के स्वागत अवसर पर पूर्व छात्र कल्याण अधिष्ठाता डॉ. सुमन सिंह, कोषाध्यक्ष देवीलाल तेली, संगठन मंत्री रामेश्वर प्रसाद शर्मा, सहमंत्री गणेश पालीवाल, कोमल सिंह राठौड़, धर्मपाल सिंह सरोहा, मोहम्मद भाई, प्रवक्ता वीरेन्द्र सिंह सोलंकी, हरीप्रसाद नंदवाना, गोविंद नारायण तिवारी तथा भगवतसिंह पटवा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.