24 News Update भीलवाड़ा. भीलवाड़ा जिले के फुलिया कलां कस्बे में सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) की घोर लापरवाही सामने आई है। बस स्टैंड के पास स्थित विभाग की करोड़ों रुपये की लागत से बनी गैंग हट बिल्डिंग आज कचरा पात्र में तब्दील हो चुकी है। वर्षों से उपेक्षित इस भवन में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे आसपास के क्षेत्र में गंभीर स्वास्थ्य संकट उत्पन्न होने की आशंका बढ़ गई है।
सबसे चिंताजनक बात यह है कि यह भवन ठीक सामने स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के पास है। जहां एक ओर मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, वहीं दूसरी ओर पास में फैली गंदगी संक्रमण को न्योता दे रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस लापरवाही के कारण मच्छर, बदबू और बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सार्वजनिक निर्माण विभाग करोड़ों के नए निर्माण कार्यों में तो सक्रिय रहता है, लेकिन अपनी ही संपत्तियों के रख-रखाव को पूरी तरह नजरअंदाज कर रहा है। यह सवाल भी उठ रहा है कि यह स्थिति विभागीय अनदेखी का परिणाम है या फिर कर्मचारियों की लापरवाही का।
जब इस संबंध में विभागीय अधिकारियों से जवाब लेने की कोशिश की गई, तो उन्होंने स्पष्ट प्रतिक्रिया देने से बचते हुए चुप्पी साध ली।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
गैंग हट भवन की तत्काल साफ-सफाई करवाई जाए
भवन को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाए
नियमित रख-रखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए
स्वास्थ्य केंद्र के पास स्वच्छता बनाए रखने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि इस गंभीर समस्या पर तुरंत संज्ञान लिया जाए, ताकि संभावित संक्रामक बीमारियों से कस्बे को बचाया जा सके।
सार्वजनिक निर्माण विभाग की लापरवाही उजागर,करोड़ों की “गैंग हट” बनी कचरा घर, अस्पताल के सामने संक्रमण का खतरा

Advertisements
