24 News Update भीलवाड़ा जिले के फुलिया कलां में एमडीआर रोड 156 (स्टेट हाईवे जयपुर–फुलिया) पर रामद्वारा चौराहे के पास बिजली विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है।यहां सड़क निर्माण कार्य के बीचों-बीच लगाए गए ट्रांसफार्मर (डीपी) और विद्युत पोल किसी बड़े हादसे को खुला न्योता दे रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार वितीय स्वीकृति 17 करोड रुपए,बीएल कंस्ट्रक्शन जहाजपुर ठेकेदार बन्ना लाल जाट के द्वारा गणपति खेड़ा से सरसूंदा चौराहे तक बनने वाली इस महत्वपूर्ण सड़क को पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के कार्यकाल में स्वीकृति मिली थी।वर्तमान में मानसी खारी नदी पुलिया से लेकर पुलिस थाना फुलिया कलां तक सड़क का निर्माण कार्य जारी है।करोड़ों रुपये की लागत से बन रही इस सड़क पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी साफ दिखाई दे रही है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि 17 करोड़ की सड़क के बीचों-बीच ही ट्रांसफार्मर और बिजली के पोल खड़े हैं, जो दिन-रात गुजरने वाले वाहनों और राहगीरों के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इन्हें हटाया नहीं गया, तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
यह सवाल खड़ा होता है कि जब इतना बड़ा प्रोजेक्ट चल रहा है, तो बिजली विभाग, ठेकेदार और सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) के बीच समन्वय क्यों नहीं है? क्या प्रशासन किसी दुर्घटना के बाद ही जागेगा?
स्थानीय लोगों की मांग:
सड़क से तुरंत हटाए जाएं ट्रांसफार्मर और पोल
निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों का पालन हो
जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए
अब देखना यह होगा कि ज़िला प्रशासन और संबंधित विभाग इस गंभीर लापरवाही पर कब तक चुप्पी साधे रहते हैं, या फिर किसी बड़े हादसे के बाद ही कार्रवाई होगी।
फुलिया कलां बस स्टैंड सड़क के बीचों-बीच ट्रांसफार्मर और पोल, हर पल मंडरा रहा हादसे का खतरा!

Advertisements
