24 News Update नाथद्वारा। पुष्टिमार्गीय प्रधानपीठ श्रीनाथजी मंदिर में दीपावली और अन्नकूट पर्व को लेकर तैयारियाँ अपने अंतिम चरण में हैं। मंदिर प्रशासन ने इस अवसर पर होने वाले दर्शनों की समय-सारणी भी जारी कर दी है।
मंदिर प्रशासन के अनुसार दीपावली के दिन 20 अक्टूबर को सुबह 4.45 बजे मंगला झांकी आरती के साथ दर्शन आरंभ होंगे, जो करीब 6 बजे तक रहेंगे। इसके बाद श्रृंगार दर्शन सुबह 7.30 से 9 बजे तक और राजभोग चावल की सेवा 11.15 से 1 बजे तक होगी।
शाम 5.30 बजे से 6.30 बजे के बीच नाथूवास से गोशाला की गायें मंदिर में आएंगी और श्रीलालन सूरजपोल पधारेंगे। इस दौरान कान जगाई की परंपरा के अनुसार गायों का गोवर्धन पूजा और अन्नकूट के लिए न्योता दिया जाएगा। गौ पूजन पूर्ण होने के बाद गोमाता वापस वल्लभ विलास परिसर चली जाएंगी। हटड़ी के दर्शन शाम 7 से 9 बजे तक रहेंगे, जबकि रात 8.30 से 10 बजे तक श्रीकृष्ण भंडार में लक्ष्मी पूजन का आयोजन होगा।
21 अक्टूबर को अन्नकूट पर्व के अवसर पर मंगला दर्शन सुबह 5.45 से 7.15 बजे तक होंगे। दोपहर 2 बजे श्रीविठ्ठलनाथजी श्रीजी में पधारेंगे और 4.30 बजे गौ-पूजन एवं गोवर्धन पूजा होगी। इस दौरान लालन प्रभु और गोमाताएं सूरजपोल पधारेंगी। अन्नकूट के दर्शन रात 9 से 11 बजे तक और लूट दर्शन 11 बजे से लगभग डेढ़ घंटे तक रहेंगे। दीपावली पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रवेश चौपाटी से लक्ष्मीनिवास धर्मशाला मार्ग से और निकासी मोतीमहल से किया जाएगा। अन्नकूट रात्रि दर्शन में महिलाओं का प्रवेश लक्ष्मीनिवास से और पुरुषों का प्रवेश सेठों के पायसा मार्ग से किया जाएगा, जबकि निकासी मोतीमहल से होगी।
नाथद्वारा: श्रीनाथजी मंदिर में दीपोत्सव और अन्नकूट पर्व की तैयारियाँ अंतिम चरण में

Advertisements
