Site icon 24 News Update

राजस्थान में इस बार जल्दी दस्तक देगा मानसून: 20 जून तक पहुंचने की संभावना, आज 22 जिलों में बारिश और आंधी का अलर्ट

Advertisements

24 News Update जयपुर। इस बार राजस्थानवासियों को मानसून का इंतजार कुछ कम करना होगा। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार राजस्थान में मानसून करीब 5 दिन पहले, यानी 20 जून तक दस्तक दे सकता है। आमतौर पर यहां मानसून 25 जून के आसपास पहुंचता है, लेकिन देशभर में इस बार मानसून की रफ्तार तेज बनी हुई है और यह समय से आठ दिन पहले केरल तट पर पहुंच चुका है। मानसून की उम्मीद राहत भरी जरूर है, लेकिन फिलहाल राज्य भीषण गर्मी की चपेट में है। शुक्रवार को जैसलमेर में तापमान 48 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो इस सीजन का राज्य में सबसे अधिक तापमान रहा। वहीं बाड़मेर में 47.5°, बीकानेर में 46.4°, चूरू में 45.6° और जोधपुर में 44.5° सेल्सियस तापमान रहा।बीकानेर में तो शुक्रवार की रात इस सीजन की सबसे गर्म रात रही, जहां न्यूनतम तापमान 33 डिग्री तक पहुंच गया।

लू और बारिश दोनों का अलर्ट
मौसम विभाग ने राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हीटवेव और बारिश दोनों के अलर्ट जारी किए हैं:
रेड अलर्ट: बीकानेर, चूरू (लू के लिए)
ऑरेंज अलर्ट: श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर, सीकर, झुंझुनूं
बारिश और आंधी की संभावना: आज 22 जिलों में तेज हवा और बौछारें पड़ सकती हैं

भीषण गर्मी के बीच राहत के प्रयास
राज्य के कई शहरों में नगर निगम और प्रशासन गर्मी से राहत के प्रयास कर रहे हैं। बीकानेर के केईएम रोड रेलवे फाटक पर ग्रीन शेड लगाई गई है, ताकि राहगीर धूप से बच सकें। वहीं सीकर, झुंझुनूं और शेखावाटी के इलाकों में भी लू के कारण बाजारों में सन्नाटा देखा जा रहा है।

मानसून का ट्रैक रिकॉर्ड
पिछले साल 2024 में मानसून ने 25 जून को उदयपुर संभाग से प्रवेश किया था और पूरे सीजन में राज्य में 678.4 मिमी बारिश हुई, जो औसत से 56% अधिक थी। वहीं 2021 में मानसून 18 जून को, यानी तय समय से 8 दिन पहले आया था।

Exit mobile version