24 News Update खेरवाड़ा। खेरवाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रत्याशी प्रवीण परमार ने बीती रात अवैध लकड़ी तस्करी को लेकर बड़ी कार्रवाई कर प्रशासन और वन विभाग को कटघरे में खड़ा कर दिया। सेमारी से खेरवाड़ा लौटते समय रात लगभग 11 बजे कल्याणपुर रोड पर तीन संदिग्ध ट्रकों को देख उन्होंने उन्हें रुकवाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रकों को रुकवाते ही एक ट्रक मौका पाकर फरार हो गया, जबकि दो ट्रकों को पकड़कर मौके पर ही पूछताछ की गई। दोनों ट्रकों में गीली लकड़ी भरी हुई पाई गई, जिसके बाद परमार ने तुरंत इन ट्रकों को वन विभाग खेरवाड़ा के सुपुर्द किया।
जब ट्रकों को खेरवाड़ा वन नाका पर खोला गया तो उनमें भारी मात्रा में गीली लकड़ियाँ पाई गईं। इस मामले को गंभीर मानते हुए परमार ने लकड़ी तस्करों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
परमार ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से जल, जंगल और जमीन की लूट चल रही है, लेकिन प्रशासन और विभागों की उदासीनता से तस्कर बेखौफ हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जल-जंगल-जमीन पर किसी तरह का समझौता नहीं होगा और ऐसे मामलों में कार्रवाई जारी रहेगी।
चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर मौजूद वन विभाग के रेंजर ने तस्करी को लेकर असंवेदनशील प्रतिक्रिया दी और उलटे प्रत्याशी से कहा कि “दारू की गाड़ियाँ पकड़वाओ, इसमें क्या रखा है?” — जिससे विभाग की भूमिका पर सवाल खड़े हो गए हैं।
परमार ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए कहा कि विभागीय मिलीभगत से इनकार नहीं किया जा सकता। ग्रामीणों ने भी इस कार्रवाई की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह की निगरानी की आवश्यकता जताई।

