Site icon 24 News Update

टाउन हॉल के पीछे कार में चल रही थी एमडीएमए की डील, डीएसटी व सूरजपोल थाना की संयुक्त कार्रवाई में 3 गिरफ्तार

Advertisements



24 News Udpate उदयपुर। मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान के तहत डीएसटी और सूरजपोल थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एमडीएमए की खरीद-फरोख्त करते 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 35 ग्राम एमडीएमए और 24892 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। घटना में प्रयुक्त एक फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
कार्रवाई महानिरीक्षक पुलिस उदयपुर रेंज के निर्देशन में चल रहे अभियान “ऑपरेशन त्रिनेत्र” के तहत जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा और वृत्ताधिकारी नगर पूर्व सूर्यवीर सिंह राठौड़ के सुपरविजन में थानाधिकारी रतन सिंह चौहान और डीएसटी प्रभारी विक्रम सिंह की टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार 6 अप्रैल को मुखबिर से सूचना मिली कि टाउन हॉल के पीछे न्यू रोड पर एक कार में मादक पदार्थ एमडीएमए की खरीद-फरोख्त की जा रही है। सूचना पर टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और कार के भीतर बैठे तीनों आरोपियों को रंगे हाथों पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में के.पी.अरशद हुसैन (27) निवासी जल चक्की, आजाद नगर, कांकरोली जिला राजसमंद, मेहमूद हुसैन उर्फ विलाल (24) निवासी सज्जन नगर कच्ची बस्ती, थाना अंबामाता उदयपुर तथा लव (31) निवासी नई आबादी, कांकरोली जिला राजसमंद शामिल हैं। पूछताछ में सामने आया कि अरशद हुसैन और लव आपस में परिचित हैं और मादक पदार्थ खरीदने के लिए उदयपुर आए थे। आरोपी मेहमूद हुसैन उर्फ विलाल ने दोनों को टाउन हॉल के पीछे न्यू रोड पर डिलीवरी के लिए बुलाया था। तीनों आरोपी कार में बैठकर सौदा कर ही रहे थे कि पुलिस टीम ने दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। अरशद हुसैन के कब्जे से 35 ग्राम एमडीएमए तथा मेहमूद हुसैन से बिक्री की राशि 24892 रुपये बरामद की है। साथ ही घटनास्थल से एक फोर्ड ईकोस्पोर्ट कार और हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की गई है।

कार्रवाई में शामिल टीम
इस कार्रवाई में थानाधिकारी रतन सिंह चौहान, डीएसटी प्रभारी विक्रम सिंह, उपनिरीक्षक योगेश कुमार, शरीफ खान, हेड कांस्टेबल अखिलेश कुमार, बनबारी लाल, हितेंद्र सिंह, शक्ति सिंह तथा कांस्टेबल सुमेर सिंह, वीरेंद्र, सुमित, कृष्ण कुमार (चालक) और ओमप्रकाश शामिल रहे।

Exit mobile version