24 News Update डूंगरपुर। डूंगरपुर जिले की बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने राजस्थान–गुजरात सीमा पर स्थित रतनपुर बॉर्डर पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की अब तक की सबसे बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस ने एक कंटेनर ट्रेलर से करीब 2 करोड़ 10 लाख रुपए मूल्य की 1861 कार्टन अवैध शराब जब्त की है, जिसे पीवीसी पाउडर की आड़ में गुजरात ले जाया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार यह शराब पंजाब और चंडीगढ़ में निर्मित थी और राजस्थान की सीमा पार कर लगभग 800 किलोमीटर दूर गुजरात में खपाने की तैयारी थी। कार्रवाई के दौरान ट्रेलर चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है और पूरे तस्करी नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है।
मुखबिर की सूचना पर की गई नाकाबंदी
बिछीवाड़ा थानाधिकारी सीआई कैलाश सोनी ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से राजस्थान–गुजरात सीमा पर अवैध शराब तस्करी की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके बाद रतनपुर बॉर्डर पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान उदयपुर की ओर से आ रहे एक ट्रेलर को रोका गया, जिसकी तलाशी ली गई।
पीवीसी पाउडर की आड़ में शराब परिवहन
ट्रेलर चालक रघुनाथ गुर्जर (27) निवासी सीतारामपुरा, थाना नरैना, जिला जयपुर ने प्रारंभिक पूछताछ में ट्रेलर में पीवीसी पाउडर भरा होना बताया। हालांकि मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने जब तिरपाल हटाकर गहन तलाशी ली तो ट्रेलर के भीतर भारी मात्रा में शराब के कार्टन मिले। शराब परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया। बाद में शराब को उतारकर गिनती करवाई गई, जिसमें कुल 1861 कार्टन अवैध शराब बरामद हुई।
डूंगरपुर में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह डूंगरपुर जिले में अब तक पकड़ी गई शराब की सबसे बड़ी खेप है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि शराब संगठित तस्करी नेटवर्क के जरिए गुजरात भेजी जा रही थी, जहां शराबबंदी के चलते इसकी ऊंचे दामों पर खपत होती है।

