24 News Update डूंगरपुर। राजस्थान-गुजरात सीमा स्थित रतनपुर बॉर्डर पर बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ट्रक से हरियाणा निर्मित अवैध शराब के 142 कार्टन जब्त किए। शराब की कीमत लगभग 6 लाख 50 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक को मौके पर ही पीछा कर पकड़ लिया। बिछीवाड़ा थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर रतनपुर पुलिस चौकी टीम ने गुजरात की ओर जा रहे एक संदिग्ध ट्रक को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक ट्रक छोड़कर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर आरोपी को पकड़ लिया। जांच में सामने आया कि ट्रक में ऊपर से धागों के कट्टे लादे गए थे और उनके नीचे हरियाणा निर्मित शराब के 142 कार्टन छिपाकर ले जाए जा रहे थे। आरोपी की पहचान लोगरलाल पुत्र भगवाना रावत निवासी सलूंबर के रूप में हुई है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर आरोपी को आबकारी अधिनियम के तहत गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ जारी है और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शराब की यह खेप किसे और कहां पहुंचाई जानी थी। इस कार्रवाई को रतनपुर पुलिस चौकी टीम द्वारा अंजाम दिया गया.
रतनपुर बॉर्डर पर 6.50 लाख की अवैध शराब जब्त, धागों के कट्टों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही थी गुजरात

Advertisements
