Site icon 24 News Update

प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ बड़ा एक्शन: 1.40 लाख लीटर वॉश नष्ट, 172 गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update उदयपुर, 6 मई। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देशन में प्रदेशभर में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत व्यापक कार्रवाई की गई। 1 से 5 मई तक चले इस अभियान में नाकाबंदी, गश्त और दबिश के जरिए 633 प्रकरण दर्ज करते हुए 172 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान अवैध शराब बनाने में उपयोग होने वाला 1 लाख 40 हजार 402 लीटर वॉश नष्ट किया गया, वहीं 3169 लीटर देशी शराब, 798 लीटर विदेशी शराब, 1199.45 लीटर बीयर और 3698.5 लीटर हथकड़ शराब जब्त की गई। कार्रवाई में एक कार और आठ दुपहिया वाहन भी जब्त किए गए।

उदयपुर जिले में भी आबकारी विभाग की टीमें सक्रिय रहीं, जहां शहर क्षेत्र में 120 टीन बीयर बरामद की गई, जबकि निरीक्षक पूर्व और पश्चिम की टीम ने 192 केन बीयर के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गोगुंदा में 2000 लीटर वॉश नष्ट किया गया और खेरवाड़ा में 1200 लीटर वॉश नष्ट कर 62 लीटर अवैध शराब जब्त की गई। चित्तौड़गढ़ जिले में दबिश के दौरान 9444 देशी पव्वे, सैकड़ों विदेशी शराब की बोतलें और बीयर केन बरामद करते हुए 600 लीटर वॉश तथा सात भट्टियां नष्ट की गईं। बांसवाड़ा में स्कूटी से अवैध शराब परिवहन करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, वहीं एक होटल में दबिश देकर देशी शराब बरामद की गई। प्रतापगढ़ के विभिन्न गांवों में 1250 लीटर वॉश नष्ट किया गया, जबकि हनुमानगढ़ में अलग-अलग कार्रवाइयों में हजारों लीटर वॉश और कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं।

बीकानेर, श्रीगंगानगर और चूरू क्षेत्रों में संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब और वॉश की बड़ी मात्रा जब्त की गई। भरतपुर और डीग में 11 हजार लीटर से अधिक वॉश और 11 भट्टियां नष्ट की गईं, वहीं दौसा, अजमेर, जोधपुर और अलवर सहित कई जिलों में भी लगातार दबिश देकर अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई की गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अवैध शराब के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है और इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि अवैध कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Exit mobile version