Site icon 24 News Update

अवैध शराब के खिलाफ आबकारी ताबड़तोड़ कार्रवाई, 22 हजार लीटर से अधिक वॉश नष्ट, 73 मामले दर्ज, 12 आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update उदयपुर, 4 मई। राजस्थान में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसते हुए आबकारी विभाग ने विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत प्रदेशभर में व्यापक कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त नमित मेहता के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान में अब तक 22,410 लीटर वॉश नष्ट किया गया है, जबकि 73 अभियोग दर्ज कर 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
विभागीय टीमों ने विभिन्न जिलों में नाकाबंदी, गश्त और दबिश देकर अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई की। जालोर में आबकारी निरोधक दल ने बड़गांव-बापला रोड पर एक कार से 38 कार्टन अवैध शराब जब्त की। वहीं श्रीगंगानगर में कई स्थानों पर कार्रवाई कर सैकड़ों लीटर वॉश और कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं।
हनुमानगढ़ में 2400 लीटर वॉश तथा छह कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं, जबकि अलवर में करीब दो हजार लीटर वॉश नष्ट कर दो मामले दर्ज किए गए। भरतपुर में विभिन्न ब्रांड की शराब और बीयर बरामद हुई, जबकि बांसवाड़ा और कुशलगढ़ में तीन हजार लीटर वॉश नष्ट कर हथकड़ शराब जब्त की गई।
अभियान के दौरान 108.58 लीटर देसी शराब, 355.98 लीटर भारतीय निर्मित विदेशी मदिरा, 98.15 लीटर बीयर और 370 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की गई। साथ ही एक चारपहिया और एक दुपहिया वाहन भी जब्त किए गए हैं। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ “जीरो टॉलरेंस” नीति के तहत कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Exit mobile version