उदयपुर, 8 मार्च। होली मिलन समारोह केवल रंगों और खुशियों का पर्व नहीं है, बल्कि समाज की आंतरिक व्यवस्था को मजबूत करने, आपसी सौहार्द बढ़ाने और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का भी महत्वपूर्ण माध्यम है। ऐसे आयोजन समाजजनों के बीच संवाद को बढ़ाते हैं और नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं और संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा देते हैं।
ये विचार श्री माहेश्वरी पंचायत सेवा समिति, धानमंडी के अध्यक्ष जमनेश धुप्पड़ ने तीज का चौक स्थित माहेश्वरी सेवा सदन में आयोजित होली स्नेह मिलन समारोह में व्यक्त किए। उन्होंने अपने संबोधन में विवाह समारोहों में बढ़ते दिखावटी और अत्यधिक खर्च पर चिंता व्यक्त करते हुए समाजजनों से सादगी अपनाने और सामाजिक संतुलन बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही समारोह में बड़ी संख्या में सहभागिता के लिए सभी समाजजनों का आभार जताया।
माहेश्वरी पंचायत धानमंडी द्वारा आयोजित यह होली मिलन समारोह पारंपरिक उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में माहेश्वरी समाज के बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवाओं ने भाग लिया। सभी ने एक-दूसरे को होली की शुभकामनाएं देते हुए भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। समारोह में स्नेह भोज का भी आयोजन किया गया, जहां उपस्थित लोगों ने बड़ी स्क्रीन पर भारत-न्यूजीलैंड क्रिकेट मैच का आनंद भी लिया।
पंचायत के सचिव डॉ. बसन्ती लाल बाहेती ने बताया कि पंचायत द्वारा हर वर्ष होली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया जाता है, जिसमें समाज के सभी वर्गों की सक्रिय भागीदारी रहती है। उन्होंने समाजजनों से भविष्य में भी सामाजिक कार्यक्रमों में उत्साह और सहयोग बनाए रखने की अपील की। साथ ही युवाओं को न्यायिक एवं प्रशासनिक सेवाओं सहित उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में महिला पदाधिकारियों अनिता मूंदड़ा, सुमन सोनी, राजकुमारी धुप्पड़, सुशीला लड्ढा, नम्रता तोषनीवाल, सुनीता मण्डोवरा तथा राजेश तोषनीवाल, प्रकाश चेचानी, विनोद चेचानी, राम नारायण मूंदड़ा, नारायण लाल असावा, राधेश्याम तोषनीवाल, राजेन्द्र मूंदड़ा, दिनेश चेचानी, गणेश मूंदड़ा, श्याम सुंदर तोषनीवाल, दिनेश चंद्र मूंदड़ा, सुरेश तोषनीवाल, पंकज तोषनीवाल, मांगीलाल मंत्री, प्रदीप मूंदड़ा और धीरज धुप्पड़ सहित अन्य सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।

