24 News Update उदयपुर। शहर में आगामी 27 जून को निकाली जाने वाली भगवान जगन्नाथ रथयात्रा को सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण और गरिमामय ढंग से आयोजित करने के उद्देश्य से मंगलवार शाम कलक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला मजिस्ट्रेट नमित मेहता और जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने की। बैठक में रथयात्रा से जुड़ी व्यवस्थाओं, सुरक्षा प्रबंध, यातायात संचालन और साफ-सफाई सहित विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा ने बैठक की शुरुआत करते हुए विगत बैठकों में लिए गए निर्णयों की जानकारी दी और आगामी रथयात्रा की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि 27 जून को अपराह्न 3 बजे भगवान जगन्नाथ की मुख्य रथयात्रा जगदीश मंदिर से प्रारंभ होगी, जो परंपरागत मार्ग होते हुए पुनः मंदिर लौटेगी। यात्रा मार्ग में घंटाघर, बड़ा बाजार और भडभूजा घाटी सहित विभिन्न स्थानों से झांकियां भी शामिल होंगी। इसके साथ ही अस्थल मंदिर और सविना क्षेत्र से भी रथयात्राएं निकाली जाएंगी, जो निर्धारित मार्ग से भ्रमण कर अपने-अपने मंदिरों तक पहुंचेंगी।
बैठक में लिए गए प्रमुख निर्णय:
मुख्य रथयात्रा से पूर्व जगदीश मंदिर पर दर्शनार्थियों की भीड़ को नियंत्रित करने हेतु सभी झांकियों को रंगनिवास मार्ग से ही जगदीश चौक तक लाने का निर्णय। रथयात्रा में शामिल झांकियां केवल छोटे वाहनों पर ही तैयार होंगी, बड़े वाहन प्रतिबंधित। मुख्य रथ पर केवल पुजारी परिवार के तय सदस्यों को ही चढ़ने की अनुमति। डीजे वाहनों पर युवाओं के चढ़ने पर पूर्ण प्रतिबंध। प्लास्टिक कैरी बैग और प्लास्टिक सामग्री का उपयोग वर्जित, स्टाल संचालकों को निर्देश। नगर निगम, पीडब्ल्यूडी, विद्युत निगम, चिकित्सा विभाग और अन्य विभागों को रथयात्रा मार्ग का पैदल निरीक्षण कर सड़कों की मरम्मत, अवैध पार्किंग हटाने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने और अन्य तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी करने के निर्देश दिए गए। जिला मजिस्ट्रेट नमित मेहता ने कहा कि रथयात्रा आस्था और सौहार्द का प्रतीक है। इसकी गरिमा बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। उन्होंने आयोजकों, स्वयंसेवी संस्थाओं और प्रशासनिक अमले से समन्वय कर रथयात्रा को व्यवस्थित रूप से संपन्न कराने में सहयोग का आह्वान किया। पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आश्वस्त किया। उन्होंने आयोजकों से स्वयंसेवकों की संख्या बढ़ाने और रथयात्रा मार्ग पर भीड़ नियंत्रण में सहयोग करने का आग्रह किया। बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर वारसिंह, एसडीएम गिर्वा सोनिका कुमारी, स्मार्ट सिटी सीईओ कृष्णपालसिंह चौहान, विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस अधिकारी, धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी और रथयात्रा समिति सदस्य उपस्थित रहे।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.