उदयपुर, 03 अक्टूबर। शहर के रिहायशी इलाके में शनिवार तड़के उस समय दहशत फैल गई, जब न्यू आदर्श नगर-नाकोड़ा नगर, बेडवास में एक तेंदुआ कुत्ते का शिकार करने के बाद करीब 15 से 20 मिनट तक गलियों में घूमता रहा। तेंदुए की मौजूदगी का पता उस समय चला, जब इलाके में कुत्तों के लगातार भौंकने की आवाज सुनकर नाकोड़ा जैन तीर्थ जाने की तैयारी कर रहे परिवार ने आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। फुटेज में तेंदुआ साफ नजर आया। स्थानीय निवासी विक्रम कुमार जैन के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब पौने 3 बजे की है। उनका परिवार सुबह जल्दी नाकोड़ा जैन तीर्थ जाने के लिए तैयार हो रहा था। इसी दौरान बाहर कुत्तों के शोर ने उनका ध्यान खींचा। आशंका होने पर पड़ोस में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग देखी गई तो इलाके में तेंदुए की मौजूदगी सामने आई। पहले कुत्ते को दबोचा, फिर गली में घूमता रहा सीसीटीवी फुटेज में तेंदुआ एक कुत्ते पर हमला करता और उसे अपने कब्जे में लेता दिखाई दिया। इसके बाद वह शिकार को लेकर रिहायशी इलाके की गली में आगे बढ़ा। करीब 15 से 20 मिनट तक उसकी आवाजाही इलाके में बनी रही। तेंदुआ एक मकान के सामने पहुंचा और कुत्ते को वहीं छोड़ दिया। कुछ देर रुकने के बाद वह वहां से निकल गया। जिस वक्त तेंदुआ मकान के आसपास मौजूद था, उस घर का परिवार भी अंदर ही था और करीब आधे घंटे बाद घर से बाहर निकला। बाद में जब उन्हें पता चला कि उनके बाहर निकलने से कुछ समय पहले ही तेंदुआ घर के सामने मौजूद था, तो परिवार में भी डर का माहौल बन गया। बच्चों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता रिहायशी इलाके में तेंदुए की इस तरह आवाजाही ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों के मुताबिक, आसपास की गलियों में दिन के समय छोटे बच्चे खेलते रहते हैं। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी से बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावक चिंतित हैं। स्थानीय निवासी विक्रम कुमार जैन ने वन विभाग से इलाके में पिंजरा लगाने और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की मांग की है। लोगों का कहना है कि रिहायशी क्षेत्र में तेंदुए की लगातार गतिविधि को देखते हुए जल्द कार्रवाई की जरूरत है, ताकि किसी अप्रिय घटना की स्थिति पैदा न हो। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation 72 घंटे में पानी सप्लाई तो बिल भी घटाएं : ग्राहक पंचायत 2 करोड़ के रिश्वत कांड में एएसपी मुकेश सोनी और सज्जन सिंह को 15 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा