Site icon 24 News Update

भक्ति के रंग में रंगा लेकसिटी: टेकरी में सजा बाबा श्याम का भव्य दरबार, भजनों पर झूमे श्रद्धालु

Advertisements

24 News Update उदयपुर। झीलों की नगरी उदयपुर में एकादशी के पावन अवसर पर पूरा शहर भक्ति रस में डूबा नजर आया। टेकरी स्थित श्री राज राजेश्वर महादेव मंदिर परिसर में बाबा श्याम का भव्य एवं अलौकिक दरबार सजाया गया, जहां दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
श्री राज राजेश्वर महादेव सेवा समिति के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में बाबा श्याम का विशेष पुष्प श्रृंगार किया गया। समिति के संरक्षक धर्मेंद्र गुर्जर ने बताया कि एकादशी के उपलक्ष्य में मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और फूलों से सजाया गया था। बाबा के मनमोहक स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे और ‘हारे के सहारे की जय’ के जयकारों से पूरा परिसर गुंजायमान हो गया।
कार्यक्रम के दौरान विशाल भजन संध्या का आयोजन भी किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में श्याम भक्तों ने भाग लिया। सेवक राहुल निचलानी के अनुसार भजनों की मधुर प्रस्तुतियों के बीच श्रद्धालु देर रात तक भक्ति में लीन होकर झूमते रहे।
भजन संध्या में गायक पंकज भंडारी के साथ योगेश माली, संगीता सुथार, लता सोनी, लोकेश जाट और तीरथ माली ने एक से बढ़कर एक श्याम भजनों की प्रस्तुति दी, जिसने माहौल को भक्तिमय बना दिया।
सेवक हरीश छाबड़ा ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सुगम दर्शन और सुरक्षा की विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम के समापन पर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
देर रात तक चले इस आयोजन में न केवल स्थानीय श्रद्धालु, बल्कि शहर के विभिन्न क्षेत्रों से आए भक्तों ने बाबा श्याम के दरबार में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

Exit mobile version