Site icon 24 News Update

भजनों की सुरमयी धारा में झूमे भक्त, फूलों से सजा श्री राजराजेश्वर महादेव मंदिर

Advertisements

24 News Update उदयपुर। पवित्र सावन माह के उपलक्ष्य में टेकरी स्थित श्री राजराजेश्वर महादेव मंदिर में खाटू नरेश बाबा श्याम का भव्य झूला महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर दिल्ली से मंगवाया गया विशेष शृंगार बाबा को अर्पित किया गया, जिससे मंदिर परिसर भक्ति भाव से आलोकित हो उठा। महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के अलौकिक दर्शन करने मंदिर पहुँचे। श्रद्धालुओं ने बाबा को झूले पर विराजित देख नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रसिद्ध भजन गायकों ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिनकी स्वर लहरियों में समस्त भक्तगण झूमते और नाचते दिखाई दिए।
बाबा श्याम को छप्पन भोग अर्पित कर भक्ति भाव से पूजा-अर्चना की गई। मंदिर को रंग-बिरंगे और सुगंधित फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना रहा।
सावन माह के इस विशेष पर्व पर आयोजित यह झूला महोत्सव भक्तों के लिए आध्यात्मिक आनंद और भक्ति रस का अनुपम संगम बन गया। आयोजकों के अनुसार, आगामी सावन सोमवार तक मंदिर में विशेष झांकी एवं भजन संध्याएं आयोजित की जाएंगी।

Exit mobile version