Site icon 24 News Update

जोधपुर के ज्वेलरी व्यापारी की राजमसंद में संदिग्ध मौत, मौत से पहले बनाया था वीडियो

Advertisements

24 News Update राजसमंद। राजसमंद जिले में जोधपुर के एक ज्वेलरी व्यापारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। व्यापारी का शव एक स्थानीय व्यापारी के घर में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में एक संदिग्ध को डिटेन कर जांच शुरू कर दी है।
मामला राजसमंद के श्रीनाथजी थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान दिनेश टांक निवासी बिलाड़ा (जोधपुर) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दिनेश टांक पिछले दो दिनों से बकाया चांदी और रुपए लेने के सिलसिले में नाथद्वारा आए हुए थे और एक ज्वेलर दंपती के घर ठहरे हुए थे।

डीएसपी बोलीं – पोस्टमॉर्टम के बाद होगा खुलासा
डीएसपी शिप्रा राजावत ने बताया कि दिनेश टांक का शव संदिग्ध हालत में मिला है। प्रथम दृष्टया यह मामला सुसाइड या हत्या का है, इसका स्पष्ट खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।

चांदी के रुपए लेने आए थे नाथद्वारा
मृतक के भांजे मुकेश टांक ने बताया कि उनके मामाजी 5 तारीख को नाथद्वारा आए थे। यहां के रहने वाले विजय सोनी और उनकी पत्नी से उनका लेन-देन था और वे उनसे चांदी के रुपए लेने के लिए आए थे। मुकेश का आरोप है कि मामाजी अक्सर उनसे बकाया चांदी और रुपए की मांग कर रहे थे।

मौत से पहले बनाया था वीडियो
परिजनों के अनुसार मौत से पहले रात करीब 1:30 बजे दिनेश टांक का एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने अपनी जान को खतरा बताया था। सुबह करीब 7 बजे परिजनों ने वह वीडियो देखा, जिसके बाद वे नाथद्वारा पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें दिनेश टांक की मौत की सूचना मिली।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
भांजे मुकेश टांक ने आरोप लगाया कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या का मामला है। उन्होंने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो दिनेश टांक की बॉडी गद्दे पर पड़ी हुई थी। न तो उन्होंने फांसी लगाई थी और न ही मुंह से झाग निकल रहे थे।

Exit mobile version