Site icon 24 News Update

शव पर चोट के निशान देख भड़के परिजन, अंतिम संस्कार से किया इनकार

Advertisements

24 News Update राजसमंद। जिले के केलवा कस्बे की एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। केलवा निवासी 27 वर्षीय मीना तेली की 1 अप्रैल को गुजरात के वेलुक कस्बे में मौत हो गई थी, जिसे ससुराल पक्ष ने आत्महत्या बताया। लेकिन जब गुरुवार को शव केलवा लाया गया तो पूरे मामले ने नया मोड़ ले लिया। मोक्षधाम में अंतिम संस्कार की तैयारी के दौरान परिजनों ने शव पर चोट के निशान देखे। उनके अनुसार मीना के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे, जबकि गले पर फांसी के स्पष्ट निशान नहीं थे। इस पर आक्रोशित परिजनों ने अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया और शव का दाह संस्कार किए बिना ही वापस लौट गए।
मृतका के भाई विकास तेली ने बताया कि मीना 30 मार्च को ससुराल सूरत गई थी, लेकिन उसे लेने कोई नहीं पहुंचा। 1 अप्रैल को ससुर ने फोन कर उसके आत्महत्या करने की सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि मौत की परिस्थितियां संदिग्ध हैं और ससुराल पक्ष सही जानकारी नहीं दे रहा।
परिवार ने पति हिरेन तेली और ससुर पर हत्या का संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। मामले को लेकर परिजन ग्रामीणों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया। उन्होंने मेडिकल बोर्ड से दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग उठाई है। बताया जा रहा है कि मीना की शादी फरवरी 2023 में हुई थी और उसकी ढाई साल की एक बेटी भी है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है और प्रशासन से पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की जा रही है।

Exit mobile version