24 News Update जोधपुर। जोधपुर की केंद्रीय कारागृह में तैनात जेलर हडवंत सिंह को विभागीय जांच के चलते तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय केंद्रीय कारागृह भरतपुर निर्धारित किया गया है।
जेल विभाग के अतिरिक्त महानिदेशक पी. रामजी की ओर से जारी आदेश में बताया गया कि हडवंत सिंह के विरुद्ध नए कैदियों की निर्धारित प्राथमिकता की अनदेखी कर उन्हें अन्य वार्डों में भेजने के मामले में विभागीय जांच प्रस्तावित की गई है। इसी के तहत राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम-13 के अंतर्गत प्राप्त अधिकारों का उपयोग करते हुए उन्हें निलंबित किया गया है।
मामले की जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल प्रारंभिक स्तर पर निलंबन की कार्रवाई की गई है।
वहीं जोधपुर केंद्रीय कारागृह के स्थानीय अधिकारियों ने इस संबंध में अधिक जानकारी होने से इनकार किया है। उनका कहना है कि जांच और निलंबन से संबंधित आदेश उच्च स्तर पर लिए गए हैं तथा जयपुर मुख्यालय से जारी किए गए हैं। स्थानीय स्तर पर अधिकारियों को मामले की विस्तृत जानकारी नहीं है।
जोधपुर सेंट्रल जेल के जेलर हडवंत सिंह निलंबित, कैदियों की वार्ड व्यवस्था में अनियमितता के आरोप

Advertisements
