24 न्यूज अपडेट, जोधपुर। आईपीएल खिलाड़ी और वडोदरा निवासी शिवालिक शर्मा को जोधपुर पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी पर उसकी पूर्व मंगेतर ने शादी का झांसा देकर देह शोषण का आरोप लगाया था। यह मामला जनवरी में जोधपुर के कुड़ी भगतासनी हाउसिंग बोर्ड थाने में दर्ज हुआ था।
थानाधिकारी हमीर सिंह भाटी ने बताया कि पीड़िता ने एफआईआर में आरोप लगाया कि उसकी शिवालिक शर्मा से सोशल मीडिया के जरिए दोस्ती हुई थी, जो कुछ ही समय में गहरी नजदीकियों में बदल गई। इस दौरान शिवालिक कई बार जोधपुर आया और युवती को शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों की बाकायदा सगाई भी हो चुकी थी।
हालांकि, पिछले साल से शिवालिक का रवैया बदल गया। उसने पीड़िता से दूरी बनानी शुरू कर दी, जिससे युवती मानसिक तनाव में रहने लगी। जब परिजन स्थिति से चिंतित होकर गुजरात स्थित शिवालिक के घर पहुंचे, तो उसने साफ-साफ शादी से इनकार कर दिया।
आखिरकार युवती ने शिवालिक शर्मा (27 वर्ष), निवासी संजानदं डुप्लेक्स, थाना अटलादरा, वडोदरा, गुजरात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज की और शनिवार देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया गया। शिवालिक शर्मा कभी क्रिकेट के मैदान पर अपनी गेंदबाज़ी और परफॉर्मेंस को लेकर चर्चा में रहे हैं, लेकिन अब वह एक गंभीर आपराधिक मामले में कानून के शिकंजे में हैं। पुलिस का कहना है कि आगे की पूछताछ और तकनीकी साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया जारी है।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.