24 News Update अहमदाबाद। इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का फाइनल मुकाबला रविवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा, लेकिन मैदान पर होने वाली भिड़ंत से पहले शहर की अर्थव्यवस्था जीत का जश्न मनाने लगी है। देशभर से उमड़ रहे क्रिकेट प्रेमियों के कारण अहमदाबाद में होटल, एयरलाइंस, ट्रैवल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में जबरदस्त उछाल देखने को मिल रहा है।फाइनल मुकाबले को लेकर शहर में ऐसा माहौल है कि सामान्य दिनों में ऑफ-सीजन माने जाने वाले मई के अंतिम सप्ताह में होटल उद्योग को रिकॉर्ड कारोबार मिलने की उम्मीद है। शहर के अधिकांश प्रीमियम होटल 30 और 31 मई के लिए लगभग पूरी तरह बुक हो चुके हैं। होटल व्यवसाय से जुड़े लोगों का अनुमान है कि सिर्फ दो दिनों में उद्योग को 150 से 200 करोड़ रुपए तक का अतिरिक्त कारोबार मिल सकता है।क्रिकेट प्रेमियों की बढ़ती आवाजाही का असर हवाई यात्रा पर भी साफ दिखाई दे रहा है। अहमदाबाद आने वाली कई उड़ानों के किराए में भारी उछाल दर्ज किया गया है। सामान्य दिनों की तुलना में यात्रियों को 17 हजार से 35 हजार रुपए तक अधिक किराया चुकाना पड़ रहा है। ट्रेन और बसों में भी टिकटों की मांग अचानक बढ़ गई है।फाइनल मुकाबले के चलते मोटेरा, चांदखेड़ा, एसजी हाईवे और गांधीनगर क्षेत्र के होटलों में सबसे ज्यादा मांग बनी हुई है। जिन कमरों का किराया आमतौर पर 8 से 10 हजार रुपए के बीच रहता था, वहां अब 25 से 30 हजार रुपए तक वसूले जा रहे हैं। कुछ लग्जरी होटलों में एक रात का किराया 36 हजार रुपए तक पहुंच गया है।अहमदाबाद में वर्तमान में करीब 20 हजार होटल कमरे उपलब्ध हैं, जिनमें लगभग 200 थ्री स्टार और फाइव स्टार होटल शामिल हैं। होटल व्यवसायियों का मानना है कि फाइनल मुकाबले के कारण अधिकांश कमरे पूरी तरह भर जाएंगे।होटल एवं रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष नरेंद्र सोमानी के अनुसार, बड़े खेल आयोजनों ने अहमदाबाद को देश के प्रमुख इवेंट शहरों में शामिल कर दिया है। उन्होंने कहा कि IPL फाइनल सिर्फ एक क्रिकेट मैच नहीं, बल्कि शहर की अर्थव्यवस्था को गति देने वाला बड़ा आयोजन बन चुका है। इससे पर्यटन, परिवहन, खानपान और सेवा क्षेत्र को भी सीधा लाभ मिलेगा। छुट्टियों का समय होने के कारण बड़ी संख्या में युवा और परिवार मैच देखने पहुंच रहे हैं। इसका फायदा होटल उद्योग के साथ-साथ स्थानीय व्यापारियों, टैक्सी संचालकों, रेस्तरां और छोटे कारोबारियों को भी मिलेगा।विशेषज्ञों का मानना है कि नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लगातार हो रहे बड़े आयोजनों के कारण अहमदाबाद खेल पर्यटन का प्रमुख केंद्र बनता जा रहा है। विश्व कप फाइनल, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों और बड़े संगीत कार्यक्रमों के बाद अब IPL फाइनल भी शहर की अर्थव्यवस्था को नई ऊर्जा देने वाला साबित हो रहा है। उद्योग जगत का आकलन है कि इस आयोजन से हजारों लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा तथा भविष्य में ओलंपिक और राष्ट्रमंडल खेलों की संभावित मेजबानी को देखते हुए शहर में होटल और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर का तेजी से विस्तार हो सकता है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation इंस्टाग्राम से हनीट्रैप तक का जाल: अश्लील रील्स, फर्जी मुलाकातें और ब्लैकमेलिंग का ‘डिजिटल गिरोह’ बेनकाब