24 News Update उदयपुर। पुलिस थाना बाघपुरा ने रात के समय घर में घुसकर महिला से मारपीट कर लूट की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए एक बाल अपचारी को डिटेन किया है। पुलिस ने घटना में लूटे गए चांदी के दो कड़े, एक मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है।
थाना बाघपुरा पुलिस के अनुसार 11 फरवरी 2026 को प्रार्थी दिनेश खराड़ी पुत्र वेशा जी खराड़ी, निवासी बुझा, बाघपुरा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 10 फरवरी की रात करीब 12 बजे उनकी पत्नी खातुड़ी और बच्चे घर के अंदर सो रहे थे, जबकि वे घर पर मौजूद नहीं थे। इसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने घर की लाइट बंद कर ताला तोड़ते हुए भीतर प्रवेश किया और उनकी पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उसका जबड़ा फट गया और वह बेहोश हो गई।
रिपोर्ट में बताया गया कि बदमाशों ने महिला के बेहोश होने के बाद चांदी के जेवरात—टनका जोड़ी, चेन, सु़ड़ी—सहित 10 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन लूट लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल प्रकरण दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया।
जिला पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक खेरवाड़ा अंजना सुखवाल के सुपरविजन में वृत्ताधिकारी झाड़ोल विवेक सिंह एवं थानाधिकारी झाड़ोल वेला राम के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर सूचना तंत्र और तकनीकी सहयोग के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक बाल अपचारी को डिटेन किया।
पूछताछ के दौरान बाल अपचारी ने वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर लूटे गए चांदी के दो कड़े, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली गई। पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम अनुसंधान जारी है।
पुलिस टीम में थानाधिकारी वेला राम, सउनि प्रवीण कुमार, हैडकांस्टेबल गोपाल (1506), कांस्टेबल शंकरलाल (1028), कांस्टेबल महेन्द्र सिंह (2781) एवं साइबर सेल से कांस्टेबल लोकेश रायकवाल (2252) शामिल थे।
मारपीट व लूट की वारदात का खुलासा, बाल अपचारी डिटेन, लूटे गए चांदी के कड़े, मोबाइल और कुल्हाड़ी बरामद

Advertisements
