Site icon 24 News Update

डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पर अवैध शराब तस्करी का पर्दाफाश, बड़ी मात्रा में बरामद

Advertisements

24 News Update डूंगरपुर। जिले में आबकारी विभाग और रेलवे पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई है। शराब इंदौर से असारवा जा रही एक ट्रेन के कोच से बरामद हुई, जिसमें इसे ट्रेन के टॉयलेट की छत पर छिपाकर ले जाया जा रहा था।
आबकारी विभाग के सीआई राहुल शर्मा ने बताया कि उन्हें मुखबिर से इंदौर-असारवा ट्रेन में अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली। इस सूचना के आधार पर टीम डूंगरपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और रेलवे पुलिस निरीक्षक वीरेंद्र सिंह रत्नाकर की टीम के साथ मिलकर कोच नंबर एस-3 की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टॉयलेट की छत पर शराब से भरे थैले और कट्टे मिले, जिन्हें तुरंत जब्त कर ट्रेन से उतारा गया।
अवैध शराब में 184 बीयर के कैन और 393 पव्वे अंग्रेजी शराब शामिल थी। आबकारी विभाग ने मामले में आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से अवैध शराब की तस्करी पर एक बार फिर शिकंजा कसा गया है।

Exit mobile version