Site icon 24 News Update

आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, हजारों लीटर वॉश नष्ट, अवैध शराब जब्त

Advertisements

24 News Update उदयपुर। प्रदेश में अवैध मदिरा के निर्माण, भंडारण, परिवहन और विक्रय पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई करते हुए विभिन्न जिलों में बड़ी मात्रा में वॉश नष्ट कर अवैध शराब जब्त की है। 16 से 31 मार्च तक संचालित इस अभियान में निरोधक दलों द्वारा गश्त, नाकाबंदी और दबिश के माध्यम से लगातार कार्रवाई की जा रही है।
आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशों पर अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत तथा अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) अनिल कुमार शर्मा के सुपरविजन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। विभाग द्वारा जीरो टोलरेंस नीति अपनाते हुए अन्य राज्यों से शराब की तस्करी और अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
अभियान के तहत करौली जिले के हिण्डौन सिटी क्षेत्र में तिघरिया स्थित एक दुकान पर अवैध रूप से देशी और अंग्रेजी शराब बेचने के मामले में संचालक बिपेन्द्र और अन्नु के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू की गई है। वहीं चूरू जिले में आबकारी दल ने पांच प्रकरण दर्ज करते हुए एक मोटरसाइकिल से 75 पव्वे देशी मदिरा और 20 लीटर हथकड़ शराब बरामद की।
बांसवाड़ा और कुशलगढ़ क्षेत्र में गश्त व दबिश के दौरान करीब 2400 लीटर वॉश नष्ट कर सात प्रकरण दर्ज किए गए। इसी क्रम में जयपुर में नाकाबंदी के दौरान एक होंडा सिटी कार से हरियाणा विक्रय के लिए चिन्हित 46 बीयर केन जब्त करते हुए चालक को मौके से गिरफ्तार किया गया। आबकारी विभाग के अनुसार प्रदेश के अन्य जिलों में भी निरोधक दल लगातार सक्रिय हैं और नाकाबंदी, गश्त एवं दबिश के माध्यम से अवैध मदिरा के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की कार्रवाई जारी है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अभियान अवधि में इस तरह की कार्रवाई और तेज की जाएगी ताकि अवैध शराब के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

Exit mobile version