उदयपुर, 14 दिसंबर। “गरीब के बाप की जमीन नहीं है”—दिसंबर 1976 में नगर विकास प्रन्यास के तत्कालीन अध्यक्ष मदनलाल धूपड़ का यह कथन, उदयपुर में कच्ची बस्तियों के सबसे बड़े जनसंघर्ष की चिंगारी बना। जवाब में उठा नारा—“अगर जमीन गरीब के बाप की नहीं है, तो यह किसी के बाप की भी नहीं है”—और यहीं से हजारों आवासहीन गरीबों को जमीन दिलाने की ऐतिहासिक लड़ाई शुरू हुई।

यह संघर्ष भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) के संगठन कच्ची बस्ती फेडरेशन के नेतृत्व में लड़ा गया, जिसका उल्लेख माकपा के तत्कालीन जिला सचिव और फेडरेशन के सचिव रहे कामरेड बी.एल. सिंघवी ने अपनी पुस्तक “मार्क्सवाद ने मुझे इंसान बना दिया” में किया है।

50 साल पूरे होने पर संघर्ष की कहानी दोबारा लिखने की तैयारी

कच्ची बस्ती आंदोलन के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर संघर्ष के इतिहास को आम जनता तक पहुंचाने के लिए माछला मंगरा स्थित शिराली भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कामरेड प्रताप सिंह देवड़ा ने की।

फेडरेशन के सचिव एवं पूर्व पार्षद राजेश सिंघवी ने बताया कि धूपड़ के कथन के उसी दिन देवाली में सभा कर यह निर्णय लिया गया कि जहां-जहां जमीन खाली पड़ी है, वहां बेघर गरीब कब्जा करेंगे। इसके बाद बी.एल. सिंघवी, भंवरलाल बारबर और आयलदास के नेतृत्व में उदयपुर के चारों ओर सभाएं और जनजागरण अभियान शुरू हुआ। माछला मंगरा, अंबामाता, देवाली सहित कई इलाकों में गरीबों ने जमीन पर कब्जा किया।

पुलिस-प्रशासन से टकराव, विधानसभा तक गूंजी आवाज

इस आंदोलन के दौरान नगर विकास प्रन्यास और प्रशासन के इशारे पर माछला मंगरा और अंबावगढ़ बस्तियों में मकान तोड़े गए। इसके विरोध में संविधान निर्मातृ समिति के सदस्य बलवंत सिंह मेहता के नेतृत्व में हजारों लोगों ने प्रन्यास कार्यालय का घेराव किया। पुलिस और जनता के बीच लाठीचार्ज हुआ, जिसमें कई लोग घायल हुए। बलवंत सिंह मेहता को गंभीर चोटें आईं।

तत्कालीन माकपा विधायक श्योपत सिंह ने बलवंत सिंह मेहता के खून से सने कपड़े विधानसभा में रख दिए, जिसके बाद तत्कालीन मुख्यमंत्री भैरों सिंह शेखावत को माफी मांगनी पड़ी।

इसके बाद बी.एल. सिंघवी और आयलदास भूमिगत हुए, बाद में गिरफ्तारी हुई और जमानत के बाद पांच दिन की भूख हड़ताल चली, जिसके दबाव में सरकार को भविष्य में गरीबों की झोपड़ियां नहीं तोड़ने का वादा करना पड़ा।

एक लाख लोगों को मिला आशियाना

राजेश सिंघवी ने बताया कि 1977 से 1986 तक लगातार हमलों, बेदखली और दमन के बावजूद संगठन और जनता की एकता के दम पर आंदोलन कायम रहा। आज उदयपुर के चारों ओर बनी कच्ची बस्तियों में करीब एक लाख लोग पिछले 45–50 वर्षों से रह रहे हैं।

वक्ताओं के तीखे सवाल

बैठक में अशोक पालीवाल ने कहा—“उदयपुर को उदय सिंह ने बसाया, लेकिन उदयपुर के गरीबों को बसाने का काम बी.एल. सिंघवी, भंवरलाल बारबर और आयलदास ने किया।”

अध्यक्षीय संबोधन में प्रताप सिंह देवड़ा ने कहा—“कल नारा था ‘गरीबों एक हो जाओ’, आज नारा है ‘हिंदू एक हो जाओ’—लेकिन फर्क यह है कि आज घर उजड़ रहे हैं और नारा देने वाले सत्ता में पहुंच रहे हैं।”

पूर्व पार्षद राजेंद्र वसीटा ने सवाल उठाया कि वन भूमि और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का हवाला देकर पट्टे नहीं दिए जाते, लेकिन रिसोर्ट, खनन और मॉल के लिए अरावली की परिभाषा बदल दी जाती है।

हिम्मत चांगवाल, जिला सचिव, भाकपा ने कहा कि कच्ची बस्तियां सरकार की गैर-जिम्मेदार नीतियों का परिणाम हैं और जनता को धर्म के नाम पर बांटने की कोशिशें नाकाम होंगी।

वरिष्ठ अधिवक्ता सलीम खान ने कहा कि आवास पाना हर नागरिक का संवैधानिक अधिकार है। “जब सरकारी दफ्तर, मॉल और नीलामी हो सकती है, तो पट्टे क्यों नहीं?”

3 जनवरी को सभा, आंदोलन पर किताब भी आएगी

बैठक में निर्णय लिया गया कि 3 जनवरी 2025 को देवाली स्थित कच्ची बस्ती फेडरेशन कार्यालय पर सभा होगी। साथ ही कच्ची बस्ती आंदोलन के इतिहास पर एक पुस्तक प्रकाशित की जाएगी और वर्ष 2026 को पूरे वर्ष आंदोलन वर्ष के रूप में मनाकर जनता तक यह इतिहास पहुंचाया जाएगा।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading