24 News Update डूंगरपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) डूंगरपुर इकाई ने आज दिनांक 16.09.2025 को पटवार मण्डल गामडा ब्राह्मणिया के पटवारी श्री हेमन्त बुनकर (26) को ₹5,000 की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई एसीबी मुख्यालय के निर्देश एवं अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव के सुपरविजन में की गई।
जानकारी के अनुसार, परिवादी श्री वेलजी पिता बादरजी पाटीदार निवासी गामडा ब्राह्मणिया ने शिकायत दी थी कि उसकी बहन रमिला का नाम राजस्व रिकॉर्ड से हटाकर उसके व उसकी मां लिली के नाम नामांतरण कराने के एवज में आरोपी पटवारी द्वारा रिश्वत मांगी जा रही थी। इस पर 27 अगस्त 2025 को सत्यापन किया गया था, जिसमें आरोपी ने ₹10,000 की रिश्वत की मांग की थी।
एसीबी उदयपुर रेंज के उप महानिरीक्षक श्री प्रहलाद सिंह कृष्णिया के मार्गदर्शन में डूंगरपुर के एसपी रतनसिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में टीम ने ट्रेप कार्यवाही करते हुए आरोपी को ₹5,000 लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। साथ ही आरोपी से पूछताछ जारी है। आरोपी के निवास स्थान (ग्राम अम्बाडा, थाना ओबरी जिला डूंगरपुर) की तलाशी भी जारी है।

