Site icon 24 News Update

जोधपुर ग्रामीण में एसीबी की बड़ी कार्रवाई: पटवारी 4 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update जोधपुर। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) जोधपुर ग्रामीण टीम ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पटवारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। एसीबी ने पटवार हल्का खारिया मीठापुर, तहसील बिलाड़ा में पदस्थापित पटवारी रोहित कुमार को 4,000 रुपए की रिश्वत लेते पकड़ा।
खाते में करेक्शन के बदले मांगी थी रिश्वत
एसीबी को दी गई शिकायत में शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी पटवारी उसकी दादी के नाम दर्ज भूमि खाते में सुधार (करेक्शन) करने के एवज में 5,000 रुपए की रिश्वत मांग रहा था। एसीबी द्वारा शिकायत का सत्यापन किया गया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। बाद में शिकायतकर्ता के आग्रह पर आरोपी पटवारी 4,000 रुपए में सौदा तय करने पर सहमत हो गया।
रंगे हाथ दबोचा गया आरोपी
एसीबी जोधपुर ग्रामीण इकाई ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। जैसे ही पटवारी रोहित कुमार ने शिकायतकर्ता से रिश्वत की राशि ली, एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। यह कार्रवाई DIG एसीबी भुवन भूषण यादव एवं ASP एसीबी जोधपुर ग्रामीण पारस सोनी के नेतृत्व में की गई। पूरी कार्रवाई एसीबी महानिरीक्षक राजेश सिंह के सुपरविजन में संपन्न हुई। एसीबी ने आरोपी पटवारी से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की जांच की जाएगी। एसीबी यह भी पता लगाने में जुटी है कि आरोपी द्वारा पूर्व में भी इस तरह की अवैध वसूली की गई है या नहीं।

Exit mobile version