24 News udpate नई दिल्ली। देश इस वक्त दो मौसमों के बीच फंसा हुआ है। एक तरफ नौतपा की झुलसाती गर्मी लोगों को घरों में कैद कर रही है, दूसरी तरफ आसमान में ऐसे बादल जुटने लगे हैं जो राहत की पहली दस्तक बन सकते हैं। मौसम एजेंसियों के मुताबिक 29 मई से 5 जून के बीच भारत के 80 से 90 प्रतिशत हिस्से में प्री-मानसून बारिश होने की संभावना है। खास बात यह है कि यह बारिश उस वक्त दस्तक दे सकती है जब मानसून अब तक केरल की सीमा में आधिकारिक तौर पर दाखिल भी नहीं हुआ है।मौसम विभाग ने पहले अनुमान लगाया था कि मानसून 26 मई तक केरल पहुंच जाएगा, लेकिन दक्षिण-मध्य अरब सागर में बने चक्रवाती सर्कुलेशन के कारण बादलों की रफ्तार कमजोर पड़ गई। मानसून की एंट्री के लिए केरल के 14 तय मौसम स्टेशनों पर लगातार दो दिन तक कम से कम 2.5 मिलीमीटर बारिश जरूरी होती है। फिलहाल मौसम वैज्ञानिकों का मानना है कि अगले दो से तीन दिनों में परिस्थितियां अनुकूल हो सकती हैं और मानसून आगे बढ़ सकता है।यूरोपीय मौसम एजेंसी ECMWF के ताजा पूर्वानुमान ने भी संकेत दिए हैं कि अगले 15 दिनों में भारत के बड़े हिस्से में मौसम करवट ले सकता है। एजेंसी के सैटेलाइट और वायुमंडलीय आंकड़ों के मुताबिक दक्षिण भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर राज्यों और बंगाल की खाड़ी से लगे इलाकों में अगले आठ दिनों के दौरान अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं। यानी फिलहाल आसमान का मूड ऐसा है कि गर्मी और बारिश दोनों एक साथ देश को परेशान और राहत देने की तैयारी में हैं।उधर, गर्मी ने अब भी अपना शिकंजा ढीला नहीं किया है। उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार नौवें दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां तापमान 47.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उरई, झांसी, प्रयागराज, आगरा और हमीरपुर में भी पारा 45 डिग्री से ऊपर पहुंच गया। राजस्थान में श्रीगंगानगर 47 डिग्री तापमान के साथ दूसरे नंबर पर रहा, जबकि बीकानेर, फलोदी और जैसलमेर भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे। जयपुर में तापमान 43 डिग्री पार रहा।महाराष्ट्र में भी सूरज किसी सरकारी वसूली अभियान की तरह पूरे सख्त तेवर में दिखाई दिया। ब्रह्मपुरी में तापमान 46.6 डिग्री, चंद्रपुर में 46.4 डिग्री और नागपुर में 45.5 डिग्री दर्ज किया गया। हरियाणा के सिरसा, रोहतक और पंजाब के बठिंडा में भी लू ने लोगों की रफ्तार धीमी कर दी। दिल्ली में तापमान सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा रिकॉर्ड किया गया।मौसम विभाग ने 28 मई को राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, उत्तर प्रदेश, ओडिशा और तेलंगाना में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब और दिल्ली-एनसीआर में आंधी, तेज हवाओं और कुछ जगह ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। कई राज्यों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।29 मई से मौसम में बदलाव के संकेत और मजबूत बताए जा रहे हैं। पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और मध्य भारत के कई हिस्सों में तापमान 3 से 7 डिग्री तक गिर सकता है। तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है। हालांकि राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्सों में गर्मी का असर अभी बना रह सकता है। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation बाबा बर्फानी के प्रथम दर्शन : अमरनाथ गुफा में आकार लेने लगा हिम शिवलिंग, 3 जुलाई से अमरनाथ यात्रा इंस्टाग्राम से हनीट्रैप तक का जाल: अश्लील रील्स, फर्जी मुलाकातें और ब्लैकमेलिंग का ‘डिजिटल गिरोह’ बेनकाब