24 News Update राजसमंद। नाथद्वारा स्थित श्रीनाथजी मंदिर में जन्माष्टमी के अगले दिन रविवार को श्रीजी प्रभु की हवेली में नंदोत्सव का भव्य आयोजन हुआ। प्रातः मंगला दर्शन के बाद तिलकायत एवं तिलकायत पुत्र विशाल बावा ने श्रीजी प्रभु एवं लाडले लाल प्रभु की परंपरागत छठी पूजन संपन्न कराई। यह पूजन छोटे कान्हा को बुरी नजर से बचाने और उनकी सुरक्षा का प्रतीक माना जाता है।
स्वर्ण पलने में झूलाए लाडले लाल
पूजन के उपरांत श्रीजी प्रभु के गोद के ठाकुर श्री लाडले लाल नवनीत प्रियाजी पधारे। श्रीजी प्रभु के सम्मुख स्वर्ण पलने में उन्हें झुलाने की रस्म अदा की गई। इस अवसर पर श्रीजी प्रभु के बड़े मुखिया नंदबाबा और लाडले लाल प्रभु की मुखिया यशोदा मैया का रूप धारण कर भक्तजन लाडले लाल प्रभु को पलना झुलाते रहे।मंदिर के ग्वाल बाल एवं नीज सेवक गोप-गोपियों का रूप धारण कर नृत्य प्रस्तुत करते हुए प्रभु को रिझाते रहे। पूरी हवेली में दूध, दही और केसर का छिड़काव कर दूध-दही की होली खेली गई, जिस से वातावरण भक्तिमय और आनंदमय बन गया।
गूंजा “नंद घर आनंद भयो”
श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य करते हुए ‘‘नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की’’ का उद्घोष किया। पूरे परिसर में जन्मोत्सव की अलौकिक छटा, उल्लास और भक्ति का वातावरण छा गया।
नाथद्वारा श्रीनाथजी मंदिर में नंदोत्सव, दूध-दही की होली और झूला रस्म से गूंजी हवेली

Advertisements
