उदयपुर: शहर के व्यस्त राजदर्शन होटल रोड पर दिनदहाड़े हुई तलवारबाजी की वारदात में हाथीपोल थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन नाबालिगों को विधि अनुसार संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तलवार, चाकू और मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
थाना हाथीपोल पुलिस के अनुसार, दिनांक 31 जनवरी 2026 को प्रार्थी ने थाना उपस्थित होकर एक लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। रिपोर्ट में बताया गया कि वह शाम करीब 5 बजे गांधी ग्राउंड से अपने घर सिलावटवाड़ी जा रहा था। जैसे ही वह राजदर्शन रोड पर कॉटन वर्ल्ड दुकान के पास पहुंचा, तभी पीछे से आए अमान उर्फ लेडीज ने, जिसके हाथ में तलवार थी, जान से मारने की नीयत से उसके सिर पर तलवार से वार किया।
प्रार्थी द्वारा वार को हाथ से रोकने का प्रयास करने पर उसका हाथ गंभीर रूप से कट गया। घटना के समय अमान उर्फ लेडीज के साथ तीन अन्य युवक भी मौजूद थे, जिन्होंने वारदात में उसका साथ दिया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक श्री योगेश गोयल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री उमेश ओझा एवं वृत्ताधिकारी पश्चिम श्री राजेश यादव के सुपरविजन में हाथीपोल थाना पुलिस टीम ने जांच शुरू की।
घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी संसाधनों और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने मुख्य आरोपी अमान उर्फ लेडीज (उम्र 19 वर्ष), निवासी सज्जननगर, थाना अंबामाता को डिटेन कर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने प्रार्थी के साथ पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
नाबालिग भी शामिल
पुलिस ने वारदात में शामिल तीन विधि का उल्लंघन करने वाले बालकों को भी निरुद्ध कर फर्द संरक्षण में लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तलवार, चाकू तथा मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
गिरफ्तारी में शामिल पुलिस टीम
- श्रीमती राजूदेवी राज, थानाधिकारी हाथीपोल
- श्री लोकेश कुमार, उप निरीक्षक
- श्री हरिश कुमार, उप निरीक्षक
- रामखिलाड़ी, हेड कांस्टेबल
- श्री करतार सिंह, कांस्टेबल
- श्री दीपेश, कांस्टेबल, थाना घंटाघर
- श्री लोकेश रायकवाल, कांस्टेबल, साइबर सेल उदयपुर
- श्री रमाकांत, चालक कांस्टेबल
पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

