- बहरोड में ज्वेलर्स के यहां हुई नकबजनी की वारदात में सोने-चांदी के जेवर बरामद
- गुड़गांव से चुराई बुलेट बाइक और वैशाली नगर चुराई एक अन्य बाइक बरामद सहित 2 लाख कीमत के 13 मोबाइल बरामद
24 News Update जयपुर। अलवर पुलिस ने नकबजनी, लूट और चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाली एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए पांच बदमाशों हर्ष श्रीवास्तव उर्फ रानू पंडित पुत्र रतन (21) निवासी मेहंदी बाग अलवर, माधव सैनी उर्फ मिंटू उर्फ चांदी पुत्र राजेश कुमार (21) निवासी स्कीम न. 10 अलवर, अरमान धानका पुत्र सुरेंद्र पाल (19) व नकुल उर्फ गब्बू वाल्मिकी (18) निवासी अखैपुरा अलवर एवं शंकर प्रजापत पुत्र प्रकाश (18) निवासी अकबरपुर अलवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर, दो मोटरसाइकिलें और 13 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
अलवर एसपी संजीव नैन ने बताया कि हाल ही में 18 मई, 2025 को रेलवे स्टेशन रोड से एक व्यक्ति का मोबाइल छीन लिया गया था। इस घटना के बाद अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. तेजपाल सिंह और वृत्ताधिकारी अंगद शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली थानाधिकारी नरेश शर्मा के नेतृत्व में एक टीम बनाई गई।
ऐसे पकड़े गए बदमाश
पुलिस टीम ने घटना स्थल का मुआयना किया और मुखबिरों को सक्रिय किया। सूचना मिली कि प्रतापबंध के पास बायोडायवर्सिटी पार्क में दो संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर वाली एक काली बुलेट मोटरसाइकिल के साथ खड़े हैं। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हर्ष श्रीवास्तव उर्फ रानू पंडित और माधव सैनी उर्फ मिंटू उर्फ चांदी को पकड़ा। पूछताछ में इन्होंने बताया कि यह बुलेट मोटरसाइकिल गुरुग्राम, दिल्ली से चोरी की गई थी और इसमें उनका साथी नितिन उर्फ टीडा वाल्मीकि भी शामिल था।
कई वारदातों का खुलासा
गिरफ्तार हर्ष श्रीवास्तव और माधव सैनी ने पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा किया:
● बहरोड़ में सोने-चांदी की दुकान में नकबजनी: इन्होंने बताया कि बहरोड़ में एक सोने-चांदी की दुकान का शटर तोड़कर चोरी की थी। इस वारदात में उनके साथ नितिन उर्फ टीडा वाल्मीकि, चिनू और नकुल उर्फ गब्बू भी थे। पुलिस ने दुकान से चोरी हुए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए हैं।
● गुरुग्राम से बुलेट चोरी: गुरुग्राम से बुलेट मोटरसाइकिल चोरी करने की बात भी कबूली।
● मोबाइल छीनने की वारदातें: उन्होंने 18 मई को रेलवे स्टेशन रोड से मोबाइल छीनने की घटना स्वीकार की। इस वारदात में उनके साथ नकुल उर्फ गब्बू बाल्मीकि भी था। पुलिस ने छीना गया मोबाइल भी बरामद कर लिया है।
● मोटरसाइकिल चोरी: माधव सैनी ने बताया कि उन्होंने अंबेडकर नगर से भी एक मोटरसाइकिल चोरी की थी, जिसमें नितिन उर्फ टीडा वाल्मीकि उनके साथ था।
मोबाइलों की खरीद-फरोख्त में भी शामिल
बदमाशों ने बताया कि उन्होंने अलवर शहर में करीब दो दर्जन से ज्यादा मोबाइल छीनने की वारदातें की हैं। वे इन मोबाइलों को सस्ते दामों पर बेच देते थे। मोबाइलों को अपने पास रखने और बेचने में शामिल अरमान, नकुल उर्फ गब्बू और शंकर प्रजापत को भी गिरफ्तार किया गया है। इनसे विभिन्न कंपनियों के 13 मोबाइल फोन बरामद हुए हैं। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार हर्ष श्रीवास्तव उर्फ रानू पंडित कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर है और सभी गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ अलग-अलग थानों में कई गंभीर अपराध दर्ज हैं।
पुलिस टीम ने बताया कि इस कार्रवाई से जिले में हो रही चोरी और लूट की कई वारदातों पर लगाम लगेगी। इस कार्रवाई में थाना कोतवाली से एसएचओ नरेश कुमार शर्मा सहित एएसआई जितेंद्र कुमार, होशियार, कांस्टेबल महेंद्र, मुकेश कुमार, विक्रम, रामनिवास, असरु, हरि सिंह, सीओ ऑफिस से हेड कांस्टेबल जान मोहम्मद, कांस्टेबल लेखराम और कांस्टेबल परसराम शामिल थे।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.