उदयपुर। हृदय रोगों के उपचार में तेजी से विकसित हो रही तकनीकों और जटिल मामलों के बेहतर प्रबंधन पर देशभर के विशेषज्ञों ने उदयपुर में विचार साझा किए। कार्डियोलॉजिकल सोसाइटी ऑफ इंडिया (CSI) के राजस्थान स्टेट चैप्टर की चौथी वार्षिक कॉन्फ्रेंस RAJCSICON 2026 का शनिवार को होलीमोंट रिसॉर्ट में शुभारंभ हुआ। दो दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन हार्ट फेल्योर के आधुनिक उपचार, जटिल एंजियोप्लास्टी, हृदय की वाल्व संबंधी बीमारियों और अत्याधुनिक कार्डियक डिवाइस थेरेपी पर वैज्ञानिक सत्र आयोजित किए गए।
आयोजन सचिव डॉ. अमित खंडेलवाल ने बताया कि सम्मेलन में हार्ट फेल्योर के इलाज में नई दवाओं और आधुनिक पेसिंग तकनीकों के उपयोग पर चर्चा हुई। इसके साथ ही हृदय की धमनियों में कैल्शियम जमने से पैदा होने वाली जटिलताओं, कोरोनरी ब्लॉकेज और कैथेटर आधारित उपचार पद्धतियों पर विशेषज्ञों ने अपने अनुभव साझा किए।

बिना सर्जरी वाल्व उपचार और जटिल एंजियोप्लास्टी पर विशेष सत्र
सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन और जटिल कोरोनरी इंटरवेंशन पर आयोजित विशेष वर्कशॉप रही। इसमें बिना ओपन हार्ट सर्जरी कैथेटर के जरिए हृदय के वाल्व संबंधी रोगों के उपचार, जटिल ब्लॉकेज खोलने और आधुनिक एंजियोप्लास्टी उपकरणों के इस्तेमाल की तकनीकों पर जानकारी दी गई।
‘कैथ लैब क्राइसिस-व्हेन थिंग्स गो रॉन्ग’ विषय पर विशेष सत्र में एंजियोप्लास्टी और अन्य हृदय संबंधी प्रक्रियाओं के दौरान सामने आने वाली गंभीर जटिलताओं, उनकी रोकथाम और आपातकालीन प्रबंधन पर चर्चा की गई। वहीं ‘हार्ट टीम एरीना’ में जटिल हृदय रोगियों के लिए उपचार के उपयुक्त विकल्पों के चयन पर केस आधारित विमर्श हुआ।

युवा कार्डियोलॉजिस्ट को भी मिला सीखने का अवसर
वैज्ञानिक कार्यक्रम में ईसीजी क्विज, चुनौतीपूर्ण क्लिनिकल केस, विशेषज्ञ व्याख्यान और इंटरैक्टिव पैनल डिस्कशन भी आयोजित किए गए। इनके जरिए युवा हृदय रोग विशेषज्ञों को नवीनतम चिकित्सा तकनीकों और अनुभवी चिकित्सकों के अनुभवों से सीखने का अवसर मिला। देश के प्रतिष्ठित हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अशोक सेठ और डॉ. टी.एस. क्लेर के विशेष व्याख्यान भी पहले दिन के प्रमुख आकर्षण रहे। हृदय चिकित्सा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ विशेषज्ञों के सम्मान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड समारोह भी कार्यक्रम में निर्धारित है। डॉ. अमित खंडेलवाल ने कहा कि जटिल एंजियोप्लास्टी, स्ट्रक्चरल हार्ट इंटरवेंशन और कैथ लैब में आपातकालीन परिस्थितियों के बेहतर प्रबंधन से मरीजों के उपचार परिणामों को अधिक प्रभावी और सुरक्षित बनाया जा सकता है। सम्मेलन का उद्देश्य आधुनिक चिकित्सा विज्ञान की जानकारी और विशेषज्ञों के अनुभवों को साझा करना है।
दो दिवसीय सम्मेलन का आयोजन डॉ. कपिल भार्गव (आयोजन अध्यक्ष) और डॉ. अमित खंडेलवाल (आयोजन सचिव) के नेतृत्व में किया जा रहा है। रविवार को दूसरे दिन आधुनिक कोरोनरी इंटरवेंशन, कार्डियक इमेजिंग, जन्मजात हृदय रोग, प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी और चुनौतीपूर्ण क्लिनिकल केस के साथ शोध पत्रों की प्रस्तुतियां होंगी।

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading