24 न्यूज अपडेट, उदयपुर। शनिवार देर रात झल्लारा कस्बे में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब भाजपा मंडल अध्यक्ष हितेश जोशी के घर में शॉर्ट सर्किट के चलते अचानक आग लग गई। आग की लपटों ने देखते ही देखते रसोई घर को अपनी चपेट में ले लिया, लेकिन जोशी ने साहस का परिचय देते हुए रसोई में रखे दो गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे एक बड़ा विस्फोटक हादसा टल गया।
आग लगने के समय घर में हितेश जोशी, उनकी पत्नी कविता जोशी, बेटा दक्ष जोशी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। जैसे ही आग भड़कने का आभास हुआ, सभी को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पास-पड़ोस के लोग और भाजपा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और बाल्टियों व पाइपों की मदद से आग बुझाने में जुट गए। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक रसोई घर में रखी खाद्यान्न सामग्री, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, बर्तन व फर्नीचर जलकर राख हो चुके थे।

