Site icon 24 News Update

किसानों को नहीं मिल रही सिंचाई के लिए बिजली सरकार बदली पर किसानों की समस्या नहीं बदली-बिजौला

Advertisements

24 News Update सागवाड़ा (जयदीप जोशी)। भारतीय किसान संघ जिला प्रवक्ता लल्लूराम बिजौला ने बताया सभी गांवों में किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली नहीं मिल रही है। सरकार बदली पर किसानों की समस्या नहीं बदली।
बिजौला ने बताया कि सरकार कह रही है आठ घंटे बिजली दे रहे हैं और बिजली विभाग कह रहा है किसानों को सिंचाई के लिए छह घंटे बिजली उपलब्ध करा रहे हैं, लेकिन धरातल पर दिन में सैकड़ों बार घंटों तक कटौती से किसानों को 4 घंटे भी सही बिजली नहीं मिल रही है। यह समस्या पिछले तीन-चार साल से चल रही है लेकिन सरकार एवं अधिकारी इसका स्थायी समाधान नहीं निकाल रहे हैं। किसान सारा दिन बिजली के लिए सुबह से शाम तक खेतों में बैठा रहता हुआ बस इंतजार ही कर रहा है। कभी-कभी तो विभाग वाले रात में अपनी मर्जी से बिजली दे देते हैं। इस कड़ाके की ठंड में किसान रात को खेतों में पानी पिलाने कैसे जाए। पिछले तीन साल में सैकड़ों बार किसान संघ ने सभी उपखंड अधिकारी, जिला कलेक्टर सहित सभी नेताओं के माध्यम से ज्ञापन एवं धरना देकर सरकार तक किसानों को दिन में 8 घंटे सिंचाई के लिए बिजली उपलब्ध कराने की मांग की गई है, लेकिन किसानों की सुध कोई नहीं ले रहा है। सभी पार्टियों के नेताओं को किसानों की याद सिर्फ चुनावों के समय ही आती है, लेकिन संकट के समय कोई साथ नहीं दे रहा है। भारतीय किसान संघ का जिला कलेक्टर साहब एवं सरकार से आग्रह है कि जिले में किसानों को दिन में बिना कटौती बिजली उपलब्ध कराने के लिए बिजली विभाग के अधिकारियों को पाबंद किया जाए। अन्यथा किसानों को मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा।

Exit mobile version