24 News Update उदयपुर। आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार प्रदेशभर में अवैध मदिरा निर्माण, भण्डारण, परिवहन एवं विक्रय की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इस अभियान में नाकाबंदी, गश्त, दबिश और रेड की कार्रवाइयाँ लगातार जारी हैं। आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (प्रशासन) ओ.पी. जैन तथा अतिरिक्त आबकारी आयुक्त (पॉलिसी) प्रदीप सिंह सांगावत के सुपरविजन में यह अभियान संचालित किया जा रहा है। विभाग ने जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए अन्य राज्यों से शराब की तस्करी, अवैध मदिरा के परिवहन और विक्रय के खिलाफ सघन कार्रवाई शुरू की है। हनुमानगढ़ जिले के ग्राम मक्कासर और डबली में आबकारी निरोधक दल की दबिश कार्रवाई के दौरान 1500 लीटर उत्तेजित वॉश तथा 3 कच्ची भट्टियां नष्ट की गईं और एक अभियोग दर्ज किया गया। वहीं, रात्रिकालीन नाकाबंदी में एक स्कॉर्पियो वाहन से 20 कार्टनों में 960 पव्वे राजस्थान निर्मित अवैध शराब जब्त की गई। इसी प्रकार जोधपुर शहर, ग्रामीण व पीपाड़ क्षेत्र में दबिश के दौरान 250 लीटर वॉश नष्ट करते हुए 3 अभियोग दर्ज किए गए। प्रदेश के सभी जिलों में भी इसी प्रकार नाकाबंदी, दबिश व सघन गश्त की कार्रवाई लगातार जारी है।
आबकारी विभाग का विशेष अभियान जारी — प्रदेशभर में वॉश एवं भट्टियां नष्ट

Advertisements
