24 News Update उदयपुर। राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय नयाखेड़ा में मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी दुर्गेश मेनारिया के मार्गदर्शन में कक्षा 10वीं एवं 12वीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों एवं उनके अभिभावकों के सम्मान में गरिमामय “प्रतिभावान सम्मान समारोह” आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्य किरण बाला जीनगर ने बताया कि बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का उपरणा, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मान किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों में पूनम गमेती, भरत खेर, दिव्या जाट, भारती कुमारी मीणा एवं हिमांशु खेर सहित 20 विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के अभिभावकों का भी अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षकों एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का भी सम्मान किया गया।
विद्यालय में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली छात्रा पूनम गमेती ने 81.50 प्रतिशत अंक हासिल किए। विधायक फूल सिंह मीणा द्वारा संचालित प्रेरणादायी योजना के अंतर्गत पूनम गमेती को हवाई यात्रा के माध्यम से जयपुर ले जाया जाएगा, जिससे छात्रा को नए अनुभवों और व्यापक दृष्टिकोण का लाभ मिलेगा।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक फूल सिंह मीणा ने कहा कि शिक्षा ही वह शक्ति है जो व्यक्ति, समाज और राष्ट्र का भविष्य निर्धारित करती है। उन्होंने विद्यार्थियों से निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी यदि दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ें तो वे किसी भी क्षेत्र में सफलता प्राप्त कर सकते हैं। शिक्षा केवल रोजगार प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण एवं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का सबसे सशक्त साधन है।
पूर्व प्रधान तख्त सिंह शक्तावत ने कहा कि जिस विद्यालय में सपनों को दिशा और परिश्रम को सम्मान मिलता है, वहीं से भविष्य के श्रेष्ठ नागरिक तैयार होते हैं। विधायक ने विद्यालय की प्रधानाचार्य किरण बाला जीनगर द्वारा विद्यार्थियों के उत्साहवर्धन के लिए उठाए गए अभिनव कदमों की भूरी-भूरी प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि प्रधानाचार्य द्वारा घोषणा की गई थी कि जो विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा में 60 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करेंगे, उन्हें प्रधानाचार्य की ओर से स्नेह भोज कराया जाएगा तथा पर्यटन स्थल की यात्रा भी करवाई जाएगी। प्रधानाचार्य ने अपने इस वचन को पूर्ण करते हुए विद्यार्थियों को प्रेरित एवं प्रोत्साहित किया, जिसकी विधायक ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे अनुकरणीय पहल बताया। इस दौरान विद्यार्थी दिव्या जाट ने पर्यटन यात्रा की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसी अवसर पर विद्यालय की दो शिक्षिकाओं धारेश्वरी गौड़ एवं निशा कुमावत का भावपूर्ण सेवानिवृत्ति समारोह भी आयोजित किया गया, जिसमें उनके परिवारजनों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम का संचालन स्वस्ति गोस्वामी ने किया, जबकि अभिनंदन पत्र का वाचन सीमा गुप्ता द्वारा किया गया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं में कुंदन लाल तेली ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर कैलाश चंद्र जोशी, यशपाल सोलंकी, लोकेश मेनारिया, आशा जोशी, अनिल जीनगर, नीता पूर्बिया, शाहीना बानू सिंधी, हरीशचंद्र तेली, रंजू रेगर, उर्मिला सुखवाल, शशिकला आमेटा, इंद्रा मीणा, स्नेहलता नागौरी, प्रतिभा पानेरी सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ ने सहयोग प्रदान किया। समारोह में उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिवार के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक वातावरण निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। पूरे आयोजन का वातावरण उत्साह, प्रेरणा एवं गौरव से ओत-प्रोत रहा। कार्यक्रम में विधायक प्रतिनिधि महामंत्री परविंदर सिंह, लोगर जी, सरपंच रामलाल गमेती, उपसरपंच मोहन सिंह सोलंकी, किसान मोर्चा अध्यक्ष किशन सहित एसडीएमसी के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह की अध्यक्षता पूर्व प्रधान तख्त सिंह शक्तावत ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में शिक्षा विभाग के पूर्व संयुक्त निदेशक शिवजी गौड़ उपस्थित रहे।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading