24 News Update डूंगरपुर जिले में शराब तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए नया तरीका अपनाया, लेकिन बिछीवाड़ा पुलिस ने उनकी चालाकी पर पानी फेर दिया। पहली बार पुलिस ने एक ट्रैक्टर ट्रॉली में गुप्त केबिन बनाकर ले जाई जा रही 45 पेटी अवैध शराब बरामद की है, जिसकी बाजार कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।
गुप्त केबिन में छिपाई गई थी शराब
बिछीवाड़ा थाना पुलिस ने उदयपुर-अहमदाबाद हाईवे पर स्थित रतनपुर बॉर्डर चेक पोस्ट के पास नाकाबंदी के दौरान एक ट्रैक्टर ट्रॉली (HR 60 N 6859) को रोका। देखने में सामान्य लग रही इस ट्रॉली की जब गहन जांच की गई, तो इसके नीचे गुप्त केबिन में शराब की पेटियां छिपी मिलीं।
थानाधिकारी कैलाश सोनी ने बताया कि तस्करी में शामिल हरियाणा के पानीपत जिले के समालखा थाना क्षेत्र के कलियाणा गांव निवासी सुंदर गुज्जर (50) को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी चंडीगढ़ निर्मित शराब को ट्रैक्टर ट्रॉली में छिपाकर गुजरात ले जाने की फिराक में था, लेकिन पुलिस की सतर्कता से योजना नाकाम हो गई।
आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज, तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है। अब जांच की जा रही है कि क्या आरोपी इस तरह की तस्करी पहले भी कर चुका है और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो नहीं है।
तस्करी के नए तरीके: ट्रैक्टर ट्रॉली बनी शराब का अड्डा
तस्कर पुलिस की नजरों से बचने के लिए लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। पहले ट्रक, कार और अन्य वाहनों में शराब तस्करी होती थी, लेकिन अब ट्रैक्टर ट्रॉली में गुप्त केबिन बनाकर अवैध शराब ले जाई जा रही थी। यह पहली बार है जब पुलिस ने इस तरीके से तस्करी का भंडाफोड़ किया है।

