24 News Update भीलवाड़ा भीलवाड़ा जिले में विकास कार्यों की रफ्तार तेज करने और सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित कर अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि योजनाओं में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर संधू ने केंद्र व राज्य सरकार की महत्वपूर्ण फ्लैगशिप योजनाओं की प्रगति का विभागवार गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों से जमीनी स्तर पर कार्यों की वास्तविक स्थिति जानी। उन्होंने विशेष रूप से कुसुम योजना, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) तथा मुख्यमंत्री जल स्वावलंबन अभियान जैसी योजनाओं की प्रगति पर विशेष फोकस किया।
कलेक्टर ने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करें और योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता व समयबद्धता से कोई समझौता नहीं हो। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक शीघ्र और पारदर्शी तरीके से पहुंचे, इसके लिए सतत मॉनिटरिंग की जाए।
इसके अलावा बैठक में बीस सूत्री कार्यक्रम एवं पंच गौरव के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की भी विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर संधू ने इन कार्यक्रमों को प्राथमिकता में रखते हुए कार्यों में आवश्यक सुधार करने और प्रगति को गति देने के निर्देश दिए।उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास योजनाओं में तेजी लाकर जिले को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में अतिरिक्त जिला कलेक्टर (शहर) प्रतिभा देवतिया, नगर विकास न्यास के ओएसडी चिमनलाल मीणा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला कलेक्टर जसमीत सिंह संधू की सख्ती: फ्लैगशिप योजनाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश

Advertisements
