उदयपुर, 24 सितंबर। नवनिर्वाचित उपमहापौर दिनेश भट्ट ने गुरुवार को अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12.15 बजे नगर निगम पहुंचकर उपमहापौर पद का कार्यभार संभाला। पदभार ग्रहण से पहले भट्ट ने परिवारजनों के साथ उपमहापौर कक्ष में पूजा-अर्चना की। पंडित अलकेश पंड्या और डॉ. भगवती शंकर व्यास ने विधिवत पूजा संपन्न कराई।पदभार ग्रहण समारोह में राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया, महापौर पारस सिंघवी, विधायक ताराचंद जैन, भाजपा जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़ सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने दिनेश भट्ट को पगड़ी, उपरणा और माला पहनाकर उपमहापौर की कुर्सी पर आसीन कराया। इसके बाद बड़ी संख्या में शहर के सामाजिक, राजनीतिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा भाजपा कार्यकर्ताओं ने भट्ट का स्वागत किया। ‘ट्रिपल इंजन सरकार शहर में विकास के नए आयाम स्थापित करेगी’ इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. सतीश पूनिया ने उदयपुर की जनता का आभार जताते हुए कहा कि जनता ने सातवीं बार स्थानीय निकाय में भाजपा का बोर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि नवनिर्वाचित महापौर पारस सिंघवी और उपमहापौर दिनेश भट्ट शहर की खूबसूरती के साथ-साथ उसकी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे। उन्होंने कहा कि ट्रिपल इंजन सरकार की भावना के अनुरूप शहर के विकास को आगे बढ़ाया जाएगा। डॉ. पूनिया ने दिनेश भट्ट को जिम्मेदारी दिए जाने पर कहा कि पार्टी परिस्थितियों का आकलन कर सभी को साथ लेकर निर्णय करती है। भट्ट लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं और कार्यकर्ताओं से उनका सीधा संवाद रहा है। पार्टी ने उनकी सेवाओं और अनुभव को देखते हुए उन्हें उपमहापौर की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि राजनीति में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता, लेकिन पारस सिंघवी और दिनेश भट्ट मिलकर उदयपुर को निश्चित तौर पर बड़ा बनाने का काम करेंगे। जम्मू-कश्मीर की जिम्मेदारी पर बोले पूनिया- पार्टी ने भरोसा जताया जम्मू-कश्मीर का प्रभारी बनाए जाने के सवाल पर डॉ. पूनिया ने कहा कि पंजाब और जम्मू-कश्मीर राजनीतिक दृष्टि से चुनौतीपूर्ण क्षेत्र माने जाते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें इस जिम्मेदारी के लिए भरोसे के योग्य समझा है। वह मेहनत, ईमानदारी और परिणाम के साथ इस जिम्मेदारी को निभाने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए भाजपा के पक्ष में बेहतर परिणाम देना उनका प्रयास रहेगा। गहलोत के बयानों पर पूनिया का पलटवार पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की ओर से स्थानीय निकायों को लेकर दिए जा रहे बयानों पर डॉ. पूनिया ने कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को पहले अपने शासनकाल की समीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने 2018 से 2023 के दौरान पेपर लीक, भ्रष्टाचार और कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाए। डॉ. पूनिया ने गहलोत सरकार के दौरान कांग्रेस के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री और प्रदेश अध्यक्ष से जुड़े राजनीतिक घटनाक्रम तथा विधायकों की बाड़ेबंदी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि भाजपा के अधिकतर निकायों में बोर्ड बनने के बाद कांग्रेस नेताओं में निराशा दिखाई दे रही है और इसी वजह से उनके बयानों में प्रतिक्रिया नजर आ रही है। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया भट्ट का स्वागत समारोह में पूर्व महापौर रविंद्र श्रीमाली, युधिष्ठिर कुमावत, जिला सहप्रभारी महेश शर्मा, चुनाव संयोजक रजनी डांगी, पूर्व सभापति चंद्रसिंह कोठारी, लोकेश द्विवेदी, महेंद्र सिंह शेखावत, मांगीलाल जोशी, डॉ. बीएल चौधरी, डॉ. हिमांशु भट्ट, गुरुप्रीत सोनी, अर्चना शर्मा, आकाश बागरेचा, संजय भंडारी, मंदाकिनी धाबाई, अनिल अग्रवाल, विष्णु प्रजापत सहित नवनिर्वाचित एवं पूर्व पार्षद, पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने उपमहापौर दिनेश भट्ट का उपरणा पहनाकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। Share this: Share on X (Opens in new window) X Share on Facebook (Opens in new window) Facebook More Email a link to a friend (Opens in new window) Email Share on WhatsApp (Opens in new window) WhatsApp Like this:Like Loading… Related Discover more from 24 News Update Subscribe to get the latest posts sent to your email. Type your email… Subscribe Post navigation उदयपुर में अनंत चतुर्दशी पर बदलेगा ट्रैफिक प्लान, कल इन रास्तों पर वाहनों की नो-एंट्री भैंस चराते समय तालाब में उतरा 40 वर्षीय व्यक्ति, पानी में डूबने से मौत