Site icon 24 News Update

साफ़-सफाई की मांग उठाना पड़ा भारी: सरदारपुरा में शिकायतकर्ता को ग्राम विकास अधिकारी के द्वारा जान से मारने की धमकी

Advertisements

24 News Update भीलवाडा. भीलवाडा ज़िले के फुलिया कलां उपखंड क्षेत्र के सरदारपुरा गांव से एक चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां गांव में फैली गंदगी और सफाई व्यवस्था को लेकर आवाज़ उठाना एक व्यक्ति के लिए मुसीबत बन गया। आरोप है कि शिकायत करने पर ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी जगदीश तिवाड़ी ने ज्ञानमल गुर्जर पीड़ित व्यक्ति को जान से मारने की धमकी दे डाली।
जानकारी के अनुसार, सरदारपुरा गांव में लंबे समय से साफ-सफाई की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। जगह-जगह कचरे के ढेर, नालियों की सफाई का अभाव और बदबू से ग्रामीण परेशान हैं। इसी समस्या को लेकर एक जागरूक ग्रामीण ने पंचायत स्तर पर शिकायत दर्ज करवाई और सफाई व्यवस्था सुधारने की मांग की।
लेकिन शिकायत का समाधान करने के बजाय, आरोप है कि पंचायत ग्राम विकास अधिकारी जगदीश तिवाड़ी ने उल्टा शिकायतकर्ता को ही धमकाना शुरू कर दिया।पीड़ित ज्ञानमल गुर्जर का कहना है कि उसे चुप रहने के लिए दबाव बनाया गया और विरोध जारी रखने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
इस घटना के बाद गांव में आक्रोश का माहौल है। पीड़ित व्यक्ति ने फुलिया कलां थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई ग्रामीणों का कहना है कि अगर जिम्मेदार ग्राम विकास अधिकारी जगदीश तिवाड़ी ही इस तरह का रवैया अपनाएंगे, तो आम जनता अपनी समस्याएं किसके सामने रखेगी। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Exit mobile version