24 News Update भीलवाड़ा। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) फर्स्ट की टीम ने मंगलवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए इटूंदा पंचायत के सरपंच और ई-मित्र संचालक को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों ने सफाई कार्य के बिल पास करवाने की एवज में 24 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी।
ACB को मिली थी ठेकेदार की शिकायत
ACB डिप्टी पारस मल ने जानकारी देते हुए बताया कि ठेकेदार गोविंद ने शिकायत दी थी कि इटूंदा पंचायत के सरपंच अन्नू सिंह मीणा और ई-मित्र संचालक सफाई कार्य के बिल पास करवाने के लिए रिश्वत मांग रहे हैं।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए ACB ने इसका सत्यापन करवाया। शिकायत सही पाए जाने पर टीम ने ट्रैप योजना बनाई और मंगलवार को दोनों को मौके पर रिश्वत लेते हुए दबोच लिया।
मौके पर पकड़े गए सरपंच और ई-मित्र संचालक
ACB की टीम ने सरपंच अन्नू सिंह मीणा और ई-मित्र संचालक को 24 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जानकारी के अनुसार, ठेकेदार गोविंद ने पंचायत क्षेत्र में सफाई का ठेका लिया था। काम पूरा होने के बाद जब बिल पास करवाने की बारी आई, तो सरपंच और ई-मित्र संचालक ने 24 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। परेशान होकर गोविंद ने इसकी शिकायत ACB फर्स्ट यूनिट भीलवाड़ा में दर्ज करवाई।
सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाया और मौके पर दोनों को रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल ACB टीम दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस प्रकरण में और कौन-कौन शामिल है। मामले में आगे की जांच जारी है।

