Site icon 24 News Update

म्यूल अकाउंट गिरोह पर साइबर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 42 लाख की ठगी से जुड़ा आरोपी गिरफ्तार

Advertisements

24 News Update उदयपुर। उदयपुर साइबर थाना पुलिस ने म्यूल अकाउंट गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ठगी के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) उमेश ओझा व त्वरित अनुसंधान प्रकोष्ठ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में, साइबर थाना प्रभारी विनय चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के अनुसार, तकनीकी विश्लेषण व बैंक रिकॉर्ड के आधार पर दिनेश पुत्र रतनलाल, निवासी शहीद भगत सिंह नगर, पुला (अम्बामाता) को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपनी फर्म श्री कृष्णा ट्रेडर्स के नाम से बैंक खाता खोलकर उसकी किट—एटीएम, चेकबुक, नेट बैंकिंग आईडी-पासवर्ड व सिम कार्ड—कमीशन पर अपने साथी धीरज सिंह को दे दी।
उक्त खाते से हरियाणा, मध्य प्रदेश, आंध्र प्रदेश व तेलंगाना में कुल चार साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज हैं, जिनमें करीब 42 लाख रुपए का फर्जीवाड़ा सामने आया है।
कार्रवाई में निरीक्षक हनुमानाराम, उपनिरीक्षक रज्जाक मोहम्मद, बैंक कांस्टेबल कुलदीप सिंह (2818), आलोक (778) व अनिल पुनिया (1490) शामिल रहे। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

Exit mobile version