उदयपुर। जिले में लगातार बढ़ रही शीतलहर और कड़ाके की ठंड को देखते हुए जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के मद्देनज़र अहम निर्णय लिया है। जिला कलक्टर नमित मेहता ने आदेश जारी कर उदयपुर जिले के सभी राजकीय एवं निजी विद्यालयों के संचालन समय में परिवर्तन किया है।
जारी आदेश के अनुसार 6 जनवरी 2026 से अग्रिम आदेश तक जिले के समस्त सरकारी व निजी स्कूल प्रातः 10 बजे से सायं 4 बजे तक ही संचालित किए जाएंगे। निजी विद्यालयों को भी इसी निर्धारित समयावधि के भीतर अपने विद्यालय संचालन के निर्देश दिए गए हैं।
यह निर्णय मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी उदयपुर के प्रस्ताव के आधार पर लिया गया है, ताकि विद्यार्थियों को शीतलहर और ठंड के प्रकोप से बचाया जा सके तथा उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव न पड़े। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए।
जिला कलक्टर ने चेतावनी दी है कि यदि किसी भी राजकीय या निजी विद्यालय द्वारा आदेश की अवहेलना की जाती है, तो संबंधित संस्था के खिलाफ नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। आदेश की प्रतिलिपि शिक्षा विभाग के समस्त संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेज दी गई है।

