24 News Update चित्तौड़गढ. बढ़ती गर्मी और हीट वेव को ध्यान में रखते हुए चित्तौड़गढ़ जिले में जिला प्रशासन ने स्कूलों के समय में बदलाव का आदेश जारी किया है। राजस्थान सरकार के दिशा-निर्देशों और पेरेंट्स की मांग के बाद जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा भेजे गए प्रस्ताव पर जिला कलेक्टर आलोक रंजन ने यह निर्णय लिया है। नए आदेश के अनुसार, चित्तौड़गढ़ जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूलों में कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों का समय 21 अप्रैल 2025 से लेकर सत्रांत तक सुबह 7:30 बजे से 11 बजे तक निर्धारित किया गया है। इस बदलाव का उद्देश्य विद्यार्थियों को अत्यधिक गर्मी और हीट वेव से बचाना है।
यह समय परिवर्तन केवल कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए लागू होगा। कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ के लिए पहले की तरह ही समय सारणी लागू रहेगी। स्कूल स्टाफ को अपने निर्धारित समय पर स्कूल पहुंचकर शिविरा पंचांग के अनुसार स्कूल संचालन करना होगा।
जिला प्रशासन ने यह आदेश जारी करते हुए सभी सरकारी और निजी स्कूलों को इसकी सख्ती से पालन करने की चेतावनी दी है। यदि कोई स्कूल प्रधान इस आदेश का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के अध्यक्ष और जिला कलेक्टर आलोक रंजन द्वारा लिया गया है। पेरेंट्स ने इस निर्णय का स्वागत किया है। उनका कहना है कि गर्मी में बच्चों के लिए स्कूल जाना और लौटना मुश्किल हो जाता है। समय में बदलाव से बच्चों की सेहत पर पड़ने वाला असर कम होगा, जबकि उनकी पढ़ाई भी प्रभावित नहीं होगी।
चित्तौड़गढ़ में गर्मी के कारण 1 से 8वीं कक्षा के विद्यार्थियों का स्कूल समय सुबह 7:30 से 11 बजे तक किया गया

Advertisements
