24 News Update नई दिल्ली 24 अगस्त। नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा में अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी ने एक बार फिर आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। पार्टी ने 5 सितंबर को दिल्ली में विरोध मार्च निकालने की घोषणा की है। मार्च इंडिया गेट से शुरू होकर नई दिल्ली स्थित पुलिस मुख्यालय तक जाएगा। पार्टी के मुताबिक, इसमें नीट पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले विद्यार्थियों के परिजन भी शामिल होंगे।
पार्टी की कार्यसमिति की सोमवार को हुई ऑनलाइन बैठक में आंदोलन का निर्णय लिया गया। कॉकरोच जनता पार्टी का आरोप है कि 25 जुलाई को केंद्र सरकार की ओर से किए गए आश्वासनों पर अब तक अमल नहीं हुआ है। पार्टी का कहना है कि इन्हीं आश्वासनों के आधार पर जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन समाप्त किया गया था।
पार्टी नेताओं सौरव दास और रत्ना सिंह ने कहा कि सरकार ने प्रदर्शनकारियों और विद्यार्थियों के खिलाफ दर्ज प्राथमिकी वापस लेने तथा कार्रवाई रोकने का भरोसा दिया था, लेकिन अब तक ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा कि आंदोलनकारियों के धैर्य को कमजोरी नहीं समझा जाना चाहिए।

20 जून से शुरू हुआ था आंदोलन
नीट परीक्षा में कथित पेपर लीक और परीक्षा संबंधी गड़बड़ियों के विरोध में पार्टी ने 20 जून से जंतर-मंतर पर आंदोलन शुरू किया था। इसके बाद 20 जुलाई को जंतर-मंतर से संसद तक मार्च निकाला गया था। पार्टी के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने इस मार्च की अनुमति नहीं दी थी और प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज किया था। 25 जुलाई को सरकार से मिले आश्वासन और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग के बाद पार्टी ने अपना आंदोलन वापस ले लिया था। अब पार्टी का कहना है कि वादों पर अमल नहीं होने के कारण उसे दोबारा सड़क पर उतरना पड़ रहा है।

वादे पूरे होने तक पीछे नहीं हटने का दावा
सौरव दास और रत्ना सिंह ने कहा कि आंदोलन समाप्त कराते समय सरकार ने जो आश्वासन दिए थे, उन्हें पूरा किया जाना चाहिए। पार्टी की प्रमुख मांगों में विद्यार्थियों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी प्राथमिकी वापस लेना तथा शांतिपूर्ण आंदोलनों पर कार्रवाई रोकना शामिल है।पार्टी संस्थापक अभिजीत दीपके ने सभी राज्यों के शिक्षा मंत्रियों को पत्र भेजकर सरकारी स्कूलों की स्थिति सुधारने के लिए उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी मांगी है। सौरव दास ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए सरकार और जनता के बीच लगातार संवाद जरूरी है। उनके अनुसार, जब दोनों के बीच संवाद खत्म होता है तो समस्याएं और टकराव बढ़ने लगते हैं।

5 सितंबर को युवाओं से जुटने की अपील
पार्टी ने देशभर के विद्यार्थियों, युवाओं, युवा संगठनों और छात्र संगठनों से 5 सितंबर को इंडिया गेट पहुंचने और विरोध मार्च में शांतिपूर्ण तरीके से शामिल होने की अपील की है। पार्टी का कहना है कि जब तक सरकार अपने वादों को पूरा नहीं करती, आंदोलन जारी रहेगा।

उच्चतम न्यायालय में प्राथमिकी का मुद्दा भी उठा
कॉकरोच जनता पार्टी ने दावा किया है कि 18 अगस्त को उच्चतम न्यायालय ने केंद्र सरकार से विद्यार्थियों और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ दर्ज सभी प्राथमिकी की सूची मांगी थी। पार्टी का कहना है कि न्यायालय संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत इन मामलों को समाप्त करने के विकल्प पर विचार कर सकता था। पार्टी के अनुसार, केंद्र की ओर से प्राथमिकी की पूरी सूची उपलब्ध कराने को लेकर स्पष्ट प्रतिबद्धता नहीं दिखाई गई। इसे पार्टी ने आंदोलन समाप्त कराने से पहले किए गए आश्वासनों से पीछे हटने के संकेत के तौर पर बताया है।

आंदोलन के बाद कई राज्यों में विवाद
दिल्ली में प्रस्तावित मार्च से पहले पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं को लेकर राजस्थान और पश्चिम बंगाल में भी विवाद सामने आ चुके हैं। 23 अगस्त को जोधपुर में विवाद: गांधी शांति प्रतिष्ठान में कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यक्रम के दौरान भारतीय जनता युवा मोर्चा के एक कार्यकर्ता पर पार्टी कार्यकर्ता को थप्पड़ मारने का आरोप लगा। इसके बाद दोनों संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गई। पुलिस ने भारतीय जनता पार्टी के युवा संगठन और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के दो पदाधिकारियों सहित 11 लोगों को हिरासत में लिया। 21 अगस्त को जयपुर में झड़प: रामपुरा-कंवरपुरा गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय के निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों और कॉकरोच जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष रांका भी मौजूद थे। पार्टी ने कार्रवाई के लिए 48 घंटे का समय दिया था, जबकि ग्रामीणों की ओर से भी कार्रवाई नहीं होने पर गिरफ्तारी देने की चेतावनी दी गई थी।
15 अगस्त को पश्चिम बंगाल में मौत: बांकुड़ा में कॉकरोच जनता पार्टी के अनुसार, उसके ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान में शामिल मफीक पर 13 अगस्त को हमला हुआ था। पार्टी का दावा है कि उन्होंने करिसुंडा गांव के सरकारी स्कूल की बदहाली का वीडियो बनाया था। इसके बाद हथियारबंद लोगों ने उनके घर में घुसकर उनके साथ मारपीट की। गंभीर चोटों के बाद 15 अगस्त को उनकी मौत हो गई।


Discover more from 24 News Update

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

desk 24newsupdate's avatar

By desk 24newsupdate

Watch 24 News Update and stay tuned for all the breaking news in Hindi ! 24 News Update is Rajasthan's leading Hindi News Channel. 24 News Update channel covers latest news in Politics, Entertainment, Bollywood, business and sports. 24 न्यूज अपडेट राजस्थान का सर्वश्रेष्ठ हिंदी न्‍यूज चैनल है । 24 न्यूज अपडेट चैनल राजनीति, मनोरंजन, बॉलीवुड, व्यापार और खेल में नवीनतम समाचारों को शामिल करता है। 24 न्यूज अपडेट राजस्थान की लाइव खबरें एवं ब्रेकिंग न्यूज के लिए बने रहें ।

Leave a Reply

error: Content is protected !!

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading

Discover more from 24 News Update

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading