24 News Update उदयपुर। भींडर पंचायत समिति के अंतर्गत बड़गांव पंचायत के गणेशपुरा स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में सराहनीय पहल देखने को मिली। खेरोदा निवासी भामाशाह मदनलाल बोकड़िया की ओर से विद्यालय में अध्ययनरत समस्त विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। 31 जनवरी को आयोजित इस वितरण कार्यक्रम में बच्चों को नोटबुक (हिंदी, अंग्रेज़ी एवं गणित), पेंसिल तथा प्रेप स्कूल किट प्रदान की गई, जिसमें पेंसिल, रबर, शार्पनर और स्केल शामिल थे। सामग्री प्राप्त करते ही बच्चों के चेहरों पर उत्साह और पढ़ाई के प्रति नया आत्मविश्वास साफ झलकता नजर आया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाध्यापक हंसराज साहू, अध्यापक राकेश कुमार मीणा एवं सियाराम मीणा उपस्थित रहे। शिक्षकों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में इस प्रकार का सहयोग विद्यार्थियों की बुनियादी शैक्षणिक जरूरतों को पूरा करने के साथ-साथ उन्हें नियमित अध्ययन के लिए भी प्रेरित करता है। विद्यालय परिवार की ओर से भामाशाह मदनलाल बोकड़िया के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक सहभागिता का अनुकरणीय उदाहरण बताया गया। साथ ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए यह आशा भी जताई गई कि भविष्य में भी इसी तरह का सहयोग मिलता रहेगा।
गणेशपुरा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बच्चों को मिली शैक्षणिक सामग्री

Advertisements
