24 News Update उदयपुर। जिले के खेरवाड़ा थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ दिनदहाड़े लूट की वारदात सामने आई है। सुवेरी गांव में घर के बाहर खड़ी महिला से बदमाशों ने गले से सोने की चेन तोड़कर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस के अनुसार सुवेरी निवासी 50 वर्षीय चम्पादेवी पत्नी नाथूलाल पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 7 अप्रैल को दोपहर करीब 1:34 बजे एक हट्टा-कट्टा युवक अचानक उनके पास आया और गला पकड़ते हुए चेन देने की धमकी दी। महिला द्वारा विरोध करने पर आरोपी ने जबरन गले में पहनी करीब 10 ग्राम सोने की चेन तोड़ ली और उन्हें जमीन पर पटक दिया। वारदात के दौरान आरोपी के दो अन्य साथी भी मौके पर मौजूद थे। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश मोटरसाइकिल पर सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच एएसआई गोविन्द सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी है।
महिला से दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग: गला पकड़कर गिराया, बाइक सवार तीन बदमाश फरार

Advertisements
