Site icon 24 News Update

नाकाबंदी तोड़ी, टायर फटे फिर भी भागे तस्कर—खेरोदा पुलिस ने 364 किलो डोडा चूरा पकड़ा

Advertisements

24 News Update उदयपुर/खेरोदा। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ लगातार सख्ती के बीच खेरोदा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 364.580 किलोग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा जब्त किया है। हालांकि फिल्मी अंदाज में पीछा करने के बावजूद तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार सलूम्बर पुलिस की सूचना पर 12 अप्रैल को मेनार पुलिया पर नाकाबंदी की गई। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो (GJ 38 BC 4190) को रोकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी को रॉन्ग साइड में सर्विस रोड की ओर भगा दिया।
टीम ने स्टॉप स्टिक की मदद से गाड़ी के टायर ब्रस्ट कर दिए, इसके बावजूद आरोपी करीब एक किलोमीटर तक वाहन दौड़ाते रहे। पीछा करने पर चालक व उसके साथी सुनसान जगह पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गए।
तलाशी में वाहन से 20 कट्टों में भरा 364.580 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और स्कॉर्पियो को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत मामला दर्ज किया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृताधिकारी राजेंद्र सिंह जैन के सुपरविजन में खेरोदा थानाधिकारी सुरेश विश्नोई के नेतृत्व में की गई। टीम में हेड कांस्टेबल सुनील कुमार, माधवलाल तथा कांस्टेबल बाबूलाल, नितेष, कुलदीप, रामनिवास, कमलेश, मनोज, नेमीचंद, प्रहलाद शामिल रहे। साइबर सेल के लोकेश रायकवाल की विशेष भूमिका रही।
मामले की आगे की जांच भींडर थानाधिकारी मुकेशचंद द्वारा की जा रही है। पुलिस फरार तस्करों की तलाश में जुटी है और नेटवर्क के अन्य लिंक खंगाले जा रहे हैं।

Exit mobile version