Site icon 24 News Update

फिल्मी अंदाज में पीछा, पहाड़ों में भागे तस्कर—भीण्डर पुलिस ने 446 किलो डोडा चूरा पकड़ा

Advertisements

24 News Update उदयपुर/भीण्डर। जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ लगातार हो रही सख्त कार्रवाई के बीच भीण्डर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 446 किलो 950 ग्राम अवैध अफीम डोडा चूरा से भरी स्कॉर्पियो कार जब्त की है। तस्कर पुलिस को चकमा देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए फरार हो गए।
पुलिस के अनुसार 12 अप्रैल की रात सलूम्बर पुलिस की सूचना पर फलाडोर रोड पर नाकाबंदी की गई। करीब 10:30 बजे सलूम्बर की ओर से आ रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो (GJ 03 ML 6907) को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक पुलिस को देखकर वाहन को पहाड़ी इलाके की ओर भगा ले गया।
इसके बाद शुरू हुआ हाई-स्पीड पीछा—तस्कर स्कॉर्पियो को भमेला, कुण्डई, वाना, कीर की चौकी से नारायणपुरा टोल तक तेज रफ्तार में दौड़ाता रहा। पुलिस ने मंगलवाड़ टोल को ब्लॉक कर रास्ता रोकने की कोशिश की, लेकिन आरोपी ने गाड़ी वापस घुमाकर फतेहनगर और फिर नेगड़िया की ओर मोड़ दी। करीब कई किलोमीटर तक चले इस पीछा-प्रकरण के बाद आरोपी नारायणपुरा गांव के श्मशान भूमि के पास गाड़ी छोड़कर फरार हो गया। रात का अंधेरा होने के कारण पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी।
स्कॉर्पियो की तलाशी में 22 प्लास्टिक कट्टों में भरा हुआ 446.950 किलो अवैध डोडा चूरा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ और वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 के तहत प्रकरण दर्ज किया है।
यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अंजना सुखवाल और वृताधिकारी राजेंद्र सिंह जैन के सुपरविजन में भीण्डर थानाधिकारी मुकेशचंद्र के नेतृत्व में की गई।
टीम में उपनिरीक्षक हिम्मतसिंह, हेड कांस्टेबल दुधाराम तथा कांस्टेबल निखिल, रामावतार, मानसिंह, अजयपाल सिंह, खुशीराम, स्वरूपाराम, शंकरलाल, यश, नरेश, राजेश शामिल रहे। साइबर सेल के लोकेश रायकवाल की विशेष भूमिका रही। मामले की आगे की जांच खेरोदा थानाधिकारी सुरेश विश्नोई द्वारा की जा रही है।
जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। साथ ही आमजन से अपील की गई है कि अपराध और अपराधियों की सूचना पुलिस को दें, सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

Exit mobile version