24 News Update उदयपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक आयोजित सेवा पखवाड़े को लेकर भाजपा उदयपुर देहात की भव्य कार्यशाला भाजपा कार्यालय बलीचा में संपन्न हुई। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा देहात जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने की, जबकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चित्तौड़ सांसद सीपी जोशी और राज्य जनजाति मंत्री बाबू लाल खराड़ी मुख्य अतिथि रहे।
मुख्य वक्ता सीपी जोशी ने कहा कि सेवा पखवाड़ा केवल पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को जोड़ने का अवसर है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा कार्यकर्ता हर समय पीड़ित मानवता की सेवा में अग्रणी रहे हैं। बाढ़, तूफान, भूकंप या कोविड जैसी आपदाओं में कार्यकर्ताओं ने सेवा का अखंड व्रत निभाया है।
जोशी ने बताया कि सेवा पखवाड़े में स्वच्छता, गरीबों और वंचितों की मदद, स्वास्थ्य, खेल महोत्सव, आत्मनिर्भर भारत अभियान और वोकल फॉर लोकल जैसे अनेक आयाम जोड़े गए हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को फोटो खिंचवाने के बजाय सेवा भाव से कार्य करना चाहिए।
जनजाति मंत्री बाबू लाल खराड़ी ने कहा कि यह कार्यक्रम जनता का है, इसलिए आम जन तक सरकारी योजनाओं की जानकारी और जनकल्याणकारी कार्यों को पहुंचाना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।
जिलाध्यक्ष पुष्कर तेली ने कार्यकर्ताओं से कहा कि सेवा पखवाड़ा पार्टी विचारधारा से प्रेरित होकर जनता में सामाजिक संवेदनशीलता और मानव सेवा के मूल्यों को स्थापित करने का अवसर है।
कार्यशाला में पूर्व जिलाध्यक्ष, विधायक, संयोजक, महिला और ओबीसी मोर्चा पदाधिकारी, खेल महोत्सव संयोजक और भाजपा के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। संयोजक कन्हैयालाल मीणा, नरेंद्र सिंह असोलिया और घनश्याम मेनारिया ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन महामंत्री दीपक शर्मा ने किया।
Discover more from 24 News Update
Subscribe to get the latest posts sent to your email.